प्रेमिका को खुदकुशी के लिए उकसाने वाला शादीशुदा बॉयफ्रेंड गिरफ्तार
जशपुर । संवाददाता । Follow Up News: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक युवती को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में उसके शादीशुदा बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया है. जशपुर के सीनियर एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पुलिस ने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच की है, जिसमें मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी हुई है.
उन्होंने साफ किया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. कोर्ट के आदेश के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है और पुलिस ने उसके पास से घटना में इस्तेमाल मोबाइल और बाइक भी जब्त कर ली है.
यह पूरी घटना कुनकुरी थाना क्षेत्र की है, जहां 26 मई की रात एक युवती ने थाना परिसर में स्थित करीब 70 फीट ऊंचे वायरलेस टावर पर चढ़कर अपने दुपट्टे से फांसी लगा ली थी. मृतका की पहचान स्थानीय निवासी नीलिमा लकड़ा (22) के रूप में हुई.
घटना के बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा कर डॉक्टरों की टीम से पोस्टमॉर्टम कराया गया था.
शुरुआती जांच में पुलिस ने जब मृतका का मोबाइल फोन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाला, तो पता चला कि मौत से पहले उसकी तीन अलग-अलग नंबरों पर लंबी बातचीत हुई थी.
गवाहों और दोस्तों से पूछताछ में यह बात सामने आई कि नीलिमा ने मरने से पहले अपने करीबियों को रविशंकर राम नाम के युवक से हुए विवाद और अपनी मानसिक परेशानी के बारे में बताया था.
पुलिस कस्टडी में आरोपी रविशंकर राम ने कबूला कि उसका नीलिमा के साथ काफी समय से प्रेम संबंध था. वह लगातार उस पर साथ रहने का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर वह 25 मई की शाम उसे बस स्टैंड से अपनी बाइक पर बैठाकर घर ले गया. वहां उसने नीलिमा को बताया कि वह पहले से विवाहित है और दो बच्चों का पिता है.
रविशंकर ने उससे यह भी कह दिया कि वह उसे पसंद नहीं करता और सिर्फ टाइम पास के लिए फोन पर बात करता था. इस खुलासे के बाद दोनों के बीच भारी विवाद हुआ. इसी बीच आरोपी की पत्नी भी वहां पहुंच गई, जिससे पति-पत्नी के बीच भी झगड़ा हुआ और पत्नी समाज की बैठक बुलाने की बात कहकर चली गई.
इस तीखी बहस के दौरान जब नीलिमा ने कहा कि अगर उसने उसे साथ नहीं रखा तो वह जान दे देगी, तो आरोपी ने उसे साफ मना करते हुए कथित तौर पर आत्महत्या कर लेने की बात कह दी.
इसके बाद रविशंकर उसे देर रात कुनकुरी के एक चौक पर छोड़कर चला गया. इस धोखे और बर्ताव से युवती मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुकी थी.
उसने रोते हुए अपनी मां को फोन कर इस पूरे वाकये की जानकारी दी थी. इस मानसिक प्रताड़ना को न झेल पाने के कारण अगले दिन उसने थाना परिसर के टावर पर चढ़कर आत्मघाती कदम उठा लिया था. पुलिस जांच में यह साबित हुआ कि आरोपी के इसी क्रूर व्यवहार और उकसावे के कारण युवती सुसाइड करने पर मजबूर हुई. Follow Up News.