बुध, 11 नव. 2026

CGKhabar

टीबी मरीजों की राशि कहां गई?

C

CG Khabar

15 अग. 2026, 08:02 AM 10 मिनट में पढ़ें 89

टीबी, छत्तीसगढ़
टीबी, छत्तीसगढ़

रायपुर | आयुषी शर्मा : छत्तीसगढ़ के जशपुर के कांसाबेल इलाके की अंबाटोली में रहने वाली प्रमिला ख़लख़ो के लिए साल 2025 बीमारी और उम्मीद के बीच झूलता रहा. जनवरी में जब वह इलाज के लिए जशपुर टीबी अस्पताल पहुंचीं, तब उन्हें बताया गया कि सरकार की एक योजना के तहत इलाज के दौरान पोषण के लिए उनके बैंक खाते में हर महीने ₹1,000 की सहायता राशि आएगी.


रकम बहुत बड़ी नहीं थी, लेकिन बीमारी के दिनों में किसी गरीब परिवार के लिए हर महीने मिलने वाला ₹1,000 भी मायने रखता है.

विज्ञापन


प्रमिला को शायद यह उम्मीद रही होगी कि इलाज के साथ कम-से-कम खाने-पीने का खर्च कुछ आसान होगा. लेकिन दिसंबर 2025 में उनकी मृत्यु हो गई और उनके खाते में वह पैसा नहीं पहुंचा, जिसका उन्हें भरोसा दिलाया गया था.


कहानी यहीं खत्म नहीं हुई. प्रमिला की मृत्यु के बाद जब रिकॉर्ड की जांच हुई तो सरकारी दस्तावेजों में उनके नाम से मई 2025 में एकमुश्त ₹6,000 का भुगतान दर्ज मिला. यानी रिकॉर्ड कह रहा था कि छह महीने की पोषण सहायता की रकम दे दी गई थी. लेकिन जब इस भुगतान की दिशा देखी गई तो मामला उलझता चला गया. उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार यह रकम कांसाबेल से 207 किलोमीटर दूर बिलासपुर जिले के मस्तूरी में किसी दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर हुई थी. 


यहीं से एक बड़ा सवाल पैदा होता है-जिस महिला का नाम जशपुर के टीबी मरीज के तौर पर दर्ज था, उसके नाम पर स्वीकृत रकम मस्तूरी से जुड़े किसी दूसरे खाते में कैसे पहुंच गई? और प्रमिला अकेली नहीं थीं.


उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के गृह जिले जशपुर में कम-से-कम 50 से अधिक लोगों के मामलों में इसी तरह की गड़बड़ी के संकेत मिले. सरकारी रिकॉर्ड में भुगतान जशपुर के टीबी मरीजों के नाम पर दर्ज था, लेकिन रकम दूसरे जिलों और यहां तक कि दूसरे राज्यों से जुड़े बैंक खातों में ट्रांसफर दिखाई गई. 


इन रिकॉर्ड में रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़ और जांजगीर जैसे जिलों से जुड़े बैंक खातों का उल्लेख है. कुछ मामलों में दिल्ली से जुड़े खातों की जानकारी भी सामने आई. कुछ भुगतान एकमुश्त ₹6,000 के रूप में दर्ज थे-यानी छह महीने की सहायता एक साथ दिए जाने का रिकॉर्ड.


लेकिन सवाल सिर्फ बैंक खाते के दूसरे जिले में होने का नहीं है. असली सवाल यह है कि क्या वे खाते वास्तव में उन्हीं मरीजों के थे, जिनके नाम पर भुगतान दर्ज किया गया?


दस्तावेजों में कुछ लाभार्थियों के नाम भी संदिग्ध बताए गए हैं. संबंधित नामों के साथ दर्ज मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की गई तो कहीं नंबर बंद मिले और कहीं यह जानकारी मिली कि संबंधित व्यक्ति उस नंबर का इस्तेमाल नहीं करता. 


यह स्थिति उस योजना की बुनियादी व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती है, जिसके जरिए देशभर में टीबी मरीजों को इलाज के दौरान पोषण संबंधी आर्थिक सहायता दी जाती है.


500 से हुआ 1000 लेकिन मिला किसे?


भारत में टीबी से लड़ाई लंबे समय तक बीमारी की पहचान, जांच और मुफ्त दवाओं तक सीमित समझी जाती रही. लेकिन समय के साथ यह स्पष्ट हुआ कि टीबी और कुपोषण का रिश्ता गहरा है. लंबे समय तक बीमारी मरीज का वजन और ताकत कम कर सकती है, वहीं खराब पोषण शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर कर सकता है.


इसी पृष्ठभूमि में केंद्र सरकार ने अप्रैल 2018 में निक्षय पोषण योजना शुरू की. योजना के तहत राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में अधिसूचित मरीजों को उपचार की अवधि के दौरान पोषण सहायता के लिए प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता दी जाती है. शुरुआत में यह सहायता ₹500 प्रति माह थी. सरकार ने इसे 1 नवंबर 2024 से बढ़ाकर ₹1,000 प्रति माह कर दिया. केंद्र सरकार के आधिकारिक रिकॉर्ड के मुताबिक यह राशि मरीज को उपचार की पूरी अवधि के लिए दी जानी है.


अक्टूबर 2024 में केंद्र सरकार ने इस बढ़ोतरी की घोषणा करते हुए कहा था कि अब मरीजों को उपचार अवधि के दौरान ₹3,000 से ₹6,000 तक की पोषण सहायता मिल सकती है. उसी समय सरकार ने कम BMI वाले मरीजों के लिए Energy Dense Nutritional Supplementation की व्यवस्था और Ni-kshay Mitra पहल का दायरा बढ़ाने की भी घोषणा की थी. यानी प्रमिला के रिकॉर्ड में दिखाई देने वाली ₹6,000 की रकम अपने आप में असामान्य नहीं है. छह महीने के लिए ₹1,000 प्रति माह के हिसाब से ₹6,000 का एकमुश्त भुगतान योजना की व्यवस्था के अनुरूप हो सकता है.


असली असामान्यता, उपलब्ध दस्तावेजों के मुताबिक, यह है कि रकम उस मरीज के खाते में नहीं पहुंची, जिसके नाम पर भुगतान दर्ज था. यह मामला सिर्फ ‘पैसा नहीं मिला’ वाली शिकायत भर का नहीं था. यह लाभार्थी के रिकॉर्ड, बैंक खाते और भुगतान प्रक्रिया के बीच संबंध की जांच का मामला भी था.


डिजिटल व्यवस्था के बावजूद सवाल क्यों?


निक्षय पोषण योजना में भुगतान को डिजिटल माध्यम से करने की व्यवस्था है. केंद्र के आधिकारिक दस्तावेज बताते हैं कि Ni-kshay पोर्टल को Public Financial Management System यानी PFMS से जोड़ा गया है, ताकि पात्र लाभार्थियों को DBT के जरिए भुगतान किया जा सके. भारत टीबी रिपोर्ट 2024 में यह भी दर्ज है कि अप्रैल 2018 से दिसंबर 2023 तक NPY के तहत लगभग 1 करोड़ लाभार्थियों को ₹2,781 करोड़ वितरित किए गए थे. रिपोर्ट के मुताबिक करीब 1 करोड़ लाभार्थियों के बैंक/पोस्ट ऑफिस खातों की जानकारी भी Ni-kshay में जुटाई और सीड की गई थी.


सरकार ने बाद में भुगतान व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए Ni-kshay Portal को PFMS तथा राज्य कोषागार प्रणालियों से जोड़ने, डिजिटल रिपोर्टिंग और डैशबोर्ड के जरिए भुगतान की निगरानी जैसी व्यवस्थाओं का उल्लेख किया. 


ऐसे में जशपुर के मामले में सवाल और गंभीर हो जाता है. यदि सिस्टम डिजिटल है, तो मरीज के नाम से जुड़े बैंक खाते का सत्यापन किस स्तर पर हुआ? यदि खाता किसी दूसरे व्यक्ति का था, तो वह लाभार्थी रिकॉर्ड में कैसे जुड़ा? यदि खाता सही था लेकिन भुगतान किसी दूसरे खाते में गया, तो भुगतान के स्तर पर गलती कहां हुई? और यदि रिकॉर्ड में भुगतान हो चुका था, तो मरीज या उसके परिवार को इसकी जानकारी क्यों नहीं मिली?


इन सवालों के जवाब जांच के बिना नहीं दिए जा सकते क्योंकि सवाल सिर्फ यह नहीं है कि प्रमिला के नाम पर दर्ज ₹6,000 कहां गए. सवाल यह है कि अगर एक मरीज के नाम पर दर्ज बैंक खाते और वास्तविक भुगतान खाते के बीच इतना बड़ा अंतर सामने आ सकता है, तो जशपुर में ऐसे कितने रिकॉर्ड की दोबारा जांच की जरूरत है?


रिकॉर्ड में भुगतान पूरा, मरीज के हाथ खाली


अप्रैल 2026 में सामने आई जानकारी के अनुसार इन कथित अनियमितताओं की जांच के लिए सात सदस्यीय समिति गठित की गई और उसे 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए. लेकिन आज तक यह जांच पूरी नहीं हुई.


सरकारी योजनाओं में जांच का उद्देश्य केवल यह पता लगाना नहीं होता कि गलती किस स्तर पर हुई. जांच को यह भी देखना होता है कि रिकॉर्ड किसने तैयार किया, लाभार्थी की पहचान कैसे सत्यापित हुई, बैंक खाता किस दस्तावेज के आधार पर जोड़ा गया, भुगतान किस अधिकारी या डिजिटल प्रक्रिया से स्वीकृत हुआ और भुगतान के बाद उसका मिलान किस स्तर पर किया गया.


जशपुर के मामले में यही पूरी श्रृंखला महत्वपूर्ण है क्योंकि अगर सरकारी रिकॉर्ड में प्रमिला ख़लख़ो के नाम से ₹6,000 का भुगतान दर्ज है, लेकिन उपलब्ध दस्तावेज बताते हैं कि रकम किसी दूसरे खाते में गई, तो केवल बैंक खाते तक पहुंचना पर्याप्त नहीं होगा. दिलचस्प ये है कि ये अकेले प्रमिला का मामला नहीं है, जशपुर में ऐसे कई मामले सामने आए हैं.


स्वास्थ्य विभाग से जुड़े राज्य सरकार के एक अधिकारी नाम उजागर नहीं करने शर्त पर कहते हैं- “सरकार की अपनी व्यवस्था में भी भुगतान को ट्रैक करने के लिए डिजिटल सिस्टम, PFMS इंटीग्रेशन और रिपोर्टिंग की व्यवस्था है. भारत टीबी रिपोर्ट 2024 के मुताबिक 1 जनवरी 2024 से NPY की किस्त जनरेट करने की प्रक्रिया में बदलाव भी किया गया था, ताकि कवरेज बढ़े और कई लाभों को प्रोसेस करने में होने वाली देरी कम हो. इसका मतलब है कि व्यवस्था को लगातार सुधारने की कोशिश हो रही थी. लेकिन किसी भी डिजिटल व्यवस्था की असली परीक्षा उसके अंतिम लाभार्थी पर होती है कि मरीज के खाते में पैसा आया या नहीं?”


निराश करने वाले आंकड़े


भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय से जुड़े आंकड़ों के अनुसार छत्तीसगढ़ में 2023 में 38,924 टीबी मामले अधिसूचित हुए और 36,275 मरीजों को कम-से-कम एक बार NPY भुगतान मिला. 2024 में 39,593 मामले अधिसूचित हुए और 36,160 मरीजों को कम-से-कम एक भुगतान मिला. 2025 में 39,365 मामले अधिसूचित हुए, लेकिन कम-से-कम एक भुगतान पाने वाले मरीजों की संख्या घटकर 27,056 रह गई. 


मतलब ये कि 2025 के 39,365 अधिसूचित मामलों और 27,056 भुगतान पाने वालों के बीच अंतर बताता है कि सिर्फ 68.7 प्रतिशत मरीजों को पैसा मिला.


2025 के लिए उपलब्ध आंकड़ों में उत्तर प्रदेश में 7,05,511 टीबी मामले अधिसूचित हुए और 2,99,338 मरीजों को कम-से-कम एक NPY भुगतान मिला. मध्य प्रदेश में यह संख्या क्रमशः 1,72,162 और 1,10,083 रही. राजस्थान में 1,61,334 मामले और 96,630 भुगतान पाने वाले मरीज दर्ज हुए. ओडिशा में 59,916 मामले अधिसूचित हुए और 48,130 मरीजों को कम-से-कम एक भुगतान मिला. छत्तीसगढ़ में 39,365 मामले और 27,056 भुगतान पाने वाले मरीज दर्ज हुए. 


ज़ाहिर है, छत्तीसगढ़ के आंकड़ों को देखने पर 2025 की गिरावट जरूर ध्यान खींचती है.


सवाल दर सवाल


इसी साल NPY पर छत्तीसगढ़ का सरकारी व्यय ₹14.31 करोड़ बताया गया. तुलना के लिए मध्य प्रदेश में ₹55.01 करोड़, महाराष्ट्र में ₹36.15 करोड़, राजस्थान में ₹48.47 करोड़, ओडिशा में ₹25.59 करोड़ और उत्तर प्रदेश में ₹141.76 करोड़ खर्च दर्ज हुआ. 


सामाजिक कार्यकर्ता और हाईकोर्ट की अधिवक्ता प्रियंका शुक्ला कहती हैं- “जशपुर की जांच अगर पूरी होती है तो उसके सामने कम-से-कम कुछ बुनियादी सवाल होने चाहिए. पहला-जिन मरीजों के नाम पर भुगतान दर्ज है, क्या वे वास्तव में टीबी उपचार के लिए निक्षय पोर्टल पर पंजीकृत थे? दूसरा-उनके नाम से जुड़े बैंक खाते किस दस्तावेज के आधार पर दर्ज किए गए? तीसरा-जिन खातों में रकम गई, उनके खाताधारक कौन हैं और क्या वे वास्तविक मरीजों से संबंधित हैं? चौथा-क्या एक ही बैंक खाता एक से अधिक लाभार्थियों के नाम से जुड़ा हुआ था? पांचवां-क्या दूसरे जिलों या दिल्ली से जुड़े खातों का इस्तेमाल केवल संयोग है या इसके पीछे कोई पैटर्न है? छठा-मई 2025 में प्रमिला के नाम से दर्ज ₹6,000 जैसे भुगतान का अंतिम लाभार्थी कौन था? और सातवां-अप्रैल 2026 में सात सदस्यीय समिति को 15 दिनों में रिपोर्ट देने का निर्देश दिए जाने के बावजूद रिपोर्ट समय पर क्यों नहीं आई?” 


प्रमिला अब इस सवाल का जवाब खुद नहीं दे सकतीं. दिसंबर 2025 में उनकी मृत्यु हो गई. लेकिन उनके नाम पर दर्ज ₹6,000 का रिकॉर्ड अब भी एक सवाल की तरह मौजूद है. सरकारी कागज कहता है- भुगतान हुआ. परिवार का दावा और सरकारी दस्तावेज़ कहता है- पैसा नहीं मिला. और उपलब्ध दस्तावेज एक तीसरी तस्वीर दिखाते हैं-रकम किसी दूसरे खाते में गई. 


निक्षय पोषण योजना का उद्देश्य टीबी मरीज को इलाज के दौरान पोषण संबंधी आर्थिक मदद देनी थी. केंद्र सरकार के अनुसार अप्रैल 2018 से दिसंबर 2025 तक योजना के तहत देशभर में ₹4,322 करोड़ 1.35 करोड़ टीबी मरीजों को वितरित किए जा चुके थे. 


लेकिन जशपुर में जो कुछ हुआ, उसने इस योजना पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं क्योंकि आखिरकार टीबी मरीज के लिए योजना का मतलब पोर्टल पर दर्ज एक ‘पेमेंट’ नहीं है. उसका मतलब है- बीमारी के बीच घर में आया वह पैसा, जिससे दवा के साथ भोजन खरीदा जा सके.


प्रमिला के मामले में रिकॉर्ड और वास्तविकता के बीच जो दूरी दिखाई दे रही है, वही इस पूरी कहानी का सबसे बड़ा सवाल है. और जब तक जशपुर की जांच यह नहीं बताती कि प्रमिला और उन 50 से अधिक कथित मामलों में वास्तव में क्या हुआ, तब तक सवाल बाकी रहेगा-सरकारी रिकॉर्ड में भुगतान पूरा था, लेकिन मरीज के हाथ खाली क्यों थे? 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
स्वच्छता अभियान- फाइल फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

स्वच्छता में छत्तीसगढ़ का डंका: राष्ट्रपति ने 3 निकायों को किया पुरस्कृत, बिल्हा देश में नंबर-1

2 घंटे पहले

AI Generated Photo
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ में 5 दिनों में गटक गए 54.60 करोड़ की शराब, विदेशी स्पिरिट का रहा दबदबा

3 घंटे पहले

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का फैसला: फतवे की कोई कानूनी मान्यता नहीं, याचिका खारिज

6 दिन पहले

लक्ष्य कोचिंग- दंतेवाड़ा
छत्तीसगढ़ विशेष

दंतेवाड़ा में कोचिंग घोटालाः 68 लाख की एजेंसी बाहर, 90 लाख वाली को काम

6 दिन पहले

महादेव ऐप, सौरभ चंद्राकर, महादेव सट्टा
छत्तीसगढ़ विशेष

महादेव सट्टा के सौरभ चंद्राकर को CBI कल रायपुर अदालत में करेगी पेश

1 सप्ताह पहले

नवजात हाथी का ड्रोन से लिया फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

कोरबा: जंगल में गश्त के दौरान दिखा नवजात हाथी, सुरक्षा में तैनात हुआ ड्रोन

3 सप्ताह पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP