सुकमा-बीजापुर: नक्सलवाद पर लगाम से मलेरिया उन्मूलन अभियान को मिली गति
जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने और नक्सली गतिविधियों में आई गिरावट के बाद अब अंदरूनी और सीमावर्ती इलाकों तक स्वास्थ्य सेवाएं तेज़ी से पहुँच रही हैं. राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन सुकमा और बीजापुर जैसे सुदूर आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करते हुए मलेरिया को पूरी तरह खत्म करने के अभियान में जुटे हैं.
हाल ही में सामने आए भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अध्ययन के अनुसार, वर्ष 2015 से 2023 के बीच छत्तीसगढ़ में मलेरिया के 3,91,387 मामले दर्ज किए गए थे.
अध्ययन दर्शाता है कि राज्य के दक्षिणी जिलों-जैसे सुकमा, बीजापुर, बस्तर, नारायणपुर और कोंडागांव-में वार्षिक परजीवी सूचकांक (एपीआई) काफी अधिक रहा है.
भारत में मलेरिया के कुल मामलों में से लगभग 80 प्रतिशत मामले देश की 20 प्रतिशत आबादी में ही सिमटे हैं, जो मुख्य रूप से जनजातीय व पहाड़ी क्षेत्रों में रहती है. छत्तीसगढ़ की भी लगभग 32 प्रतिशत आबादी वनांचल और आदिवासी क्षेत्रों में निवास करती है.
वर्ष 2030 तक देश को मलेरिया मुक्त बनाने के केंद्रीय लक्ष्य के तहत बस्तर में 'मलेरिया मुक्त बस्तर अभियान' का सघन संचालन किया जा रहा है.
सुकमा के कलेक्टर अमित कुमार के अनुसार, अंदरूनी इलाकों में बड़े पैमाने पर जांच और उपचार अभियान चलाए जा रहे हैं. प्रभावितों को आवश्यक दवाएं दी जा रही हैं और गंभीर मरीजों के लिए एडवांस्ड ट्रीटमेंट की व्यवस्था की गई है, जिससे मलेरिया दर में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है.
स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि पूर्व में नक्सली भय के कारण अति-संवेदनशील इलाकों में नियमित जांच और चिकित्सा दल का पहुँचना चुनौतीपूर्ण था. अब नक्सलवाद पर कसते शिकंजे और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के फील्ड अस्पतालों व सुरक्षा बलों की मदद से दूरस्थ गांवों तक स्वास्थ्य कर्मियों की पहुंच आसान हुई है, जिससे बस्तर में चिकित्सा सेवाएं नई दिशा पकड़ रही हैं.