नारायणपुर में 6 माओवादी मारे गए
नारायणपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ में 6 माओवादियों के मारे जाने का दावा किया है.
अब तक की मिली जानकारी के अनुसार इस मुठभेड़ में 6 माओवादी मारे गए हैं, जिनके शव बरामद कर लिए गए हैं. मौके से ए.के. 47, एस.एल.आर. राइफल सहित भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है.
पुलिस के अनुसार माओवादियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिलने के बाद नारायणपुर ज़िले के अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षा बलों की संयुक्त टीमों ने एक व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया था. अब तक की कार्रवाई में 6 माओवादियों के शव बरामद किए जा चुके हैं.
मुठभेड़ स्थल से एके-47, एसएलआर राइफल, अन्य हथियार, विस्फोटक सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं जब्त की गई हैं.
अधिकारियों ने बताया है कि अभियान की समाप्ति के बाद विस्तृत रिपोर्ट अलग से जारी की जाएगी. अबूझमाड़ क्षेत्र की यह कार्रवाई नक्सल मोर्चे पर एक बड़ी सफलता मानी जा रही है. सूत्रों का मानना है कि मारे गए नक्सलियों में कुछ वांछित कमांडर भी हो सकते हैं, जिसकी पुष्टि आगे की जांच में होगी.