अमेरिका में भारतीय महिला की हत्या कर भारत भागा हत्यारा
नई दिल्ली । डेस्क: अमेरिका के मैरीलैंड राज्य से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. वहां 27 वर्षीय भारतीय महिला निकिता गोडिशाला की उनके पूर्व प्रेमी ने कथित तौर पर हत्या कर दी. एलिकॉट सिटी की रहने वाली निकिता 2 जनवरी से लापता थीं, जिनका शव रविवार को उनके पूर्व प्रेमी अर्जुन शर्मा (26) के कोलंबिया स्थित अपार्टमेंट से बरामद हुआ.
पुलिस के अनुसार, निकिता के शरीर पर चाकू के निशान मिले हैं.
हैरानी की बात यह है कि आरोपी अर्जुन शर्मा ने ही 2 जनवरी को पुलिस में निकिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और दावा किया था कि उसने निकिता को आखिरी बार 31 दिसंबर को देखा था.
हालांकि, जांच में पता चला कि रिपोर्ट दर्ज कराने के तुरंत बाद अर्जुन भारत के लिए रवाना हो गया.
3 जनवरी को जब पुलिस ने अर्जुन के घर की तलाशी ली, तो वहां से निकिता का शव बरामद हुआ. पुलिस का मानना है कि हत्या 31 दिसंबर की शाम को ही कर दी गई थी.
हावर्ड काउंटी पुलिस ने अर्जुन शर्मा के खिलाफ फर्स्ट और सेकंड डिग्री मर्डर का वारंट जारी किया है और उसे ट्रैक करने के लिए अमेरिकी संघीय एजेंसियों के साथ काम कर रही है.
वाशिंगटन डीसी स्थित भारतीय दूतावास ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि वे पीड़ित परिवार के संपर्क में हैं और स्थानीय अधिकारियों के साथ मामले की पैरवी कर रहे हैं.
चूंकि भारत और अमेरिका के बीच प्रत्यर्पण संधि (Extradition Treaty) मौजूद है, इसलिए आरोपी को वापस अमेरिका लाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा सकती है.