रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

बस्तर में शराब तस्कर गिरफ्तार, 53 हजार का माल किया जब्त

C

CG Khabar

30 मई 2026, 10:23 PM 2 मिनट में पढ़ें 3

शराब तस्कर गिरफ्तार
शराब तस्कर गिरफ्तार

जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में अवैध शराब माफियाओं और तस्करों के खिलाफ पुलिस का कड़ा अभियान जारी है. इसी कड़ी में भानपुरी थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए अंग्रेजी शराब की अवैध तस्करी कर रहे एक युवक को रंगे हाथों दबोचा है. गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी जब्त की गई है.


 बरामद किए गए माल की कुल कीमत करीब 53 हजार रुपए आंकी जा रही है. एएसपी महेश्वर नाग ने साफ किया है कि जिले में नशे के इस अवैध कारोबार, परिवहन और बिक्री के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.

विज्ञापन


पुलिस को यह कामयाबी 29 मई को मिली, जब मुखबिर के जरिए एक पुख्ता सूचना प्राप्त हुई. सूचना के मुताबिक, एक व्यक्ति बड़े आमाबाल की तरफ से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लेकर स्कूटी से भानपुरी की ओर आ रहा था, जिसे वह खपाने की फिराक में था. 


जानकारी मिलते ही एक्टिव हुई भानपुरी पुलिस की टीम ने तत्काल भानपुरी-चित्रकोट मुख्य मार्ग पर स्थित बेडागुड़ा चौक के पास रणनीतिक घेराबंदी की और आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी.


इसी दौरान पुलिस को मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार एक कत्थई रंग की एक्टिवा स्कूटी (CG17-KX-1688) आती हुई दिखाई दी. पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रुकवाया और चालक से कड़ाई से पूछताछ की. पकड़े गए व्यक्ति ने अपनी पहचान बाजार पारा (भानपुरी) निवासी 35 वर्षीय संजय कुमार गुप्ता उर्फ मोनू गुप्ता के रूप में बताई. 


जब पुलिस ने स्कूटी की बारीकी से तलाशी ली, तो उसमें से 30.425 बल्क लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई.


पूछताछ और शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हो गया कि आरोपी इस शराब को अवैध रूप से बेचने के इरादे से ले जा रहा था. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए शराब के साथ-साथ तस्करी में प्रयुक्त एक्टिवा को भी जब्त कर लिया, जिसकी कीमत लगभग 40 हजार रुपए है. 


इसके बाद आरोपी संजय कुमार गुप्ता के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2) के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया. सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP