दुधावा में घर के अंदर घुसा तेंदुआ, युवक पर किया हमला
दुधावा में घर के अंदर घुसा तेंदुआ
कांकेर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के दुधावा क्षेत्र में फिर एक तेंदुआ घर के अंदर घुस गया. इस दौरान तेंदुए ने घर में मौजूद युवक पर हमला भी किया, लेकिन किसी तरह वह जान बचाकर घर से बाहर निकलने में कामयाब रहा.
वहीं तेंदुआ घर के रसोेईघर के भीतर चला गया, जिसे दरवाजा बंद कर कैद कर दिया गया. घटना के बाद से गांव में सनसनी फैल गई है. वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर तेंदूए को सकुशल पकड़ने की कोशिश में जुटी हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार घटना वन परिक्षेत्र सरोना के दुधावा गांव की है. शनिवार सुबह करीब 6 बजे अचानक तेंदुआ गांव के वेद प्रकाश नेताम के घर के अंदर आ धमका.
उस समय वेद प्रकाश के साथ उसका भतीजा डिकेश्वर नेताम भी घर में मौजूद था. वह घर के अंदर सो रहा था.
अचानक तेंदुए को देख वेद प्रकाश घर से बाहर भाग निकला, लेकिन तेंदुआ घर के अंदर घुस गया. इसके बाद वेद प्रकाश भतीजे को बचाने घर के अंदर वापस गया तो तेंदुआ ने उस पर हमला कर दिया.
वेद प्रकाश ने भी डंडे से तेंदुए पर हमला किया तो वह रसोईघर के अंदर चला गया. वेद प्रकाश ने तत्काल दरवाजा बंद कर दिया.
तेंदुए के हमले से वेद प्रकाश के पैर में गंभीर चोट आई है. उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया है. घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया.
वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए जाली और पिंजरा लगाया है.
बताया गया कि महज एक हफ्ते पहले ही इसी गांव में एक नर तेंदुआ पकड़ा गया था.
ग्रामीणों के मुताबिक क्षेत्र में 4 तेंदुए देखे गए थे. एक पकड़ा जा चुका है और तीन अभी भी जंगल में हैं.