सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा: निर्माणाधीन मकान में करेंट की चपेट में आने से युवक की मौत

C

CG Khabar

16 अप्रै. 2026, 06:20 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

टीकाराम यादव
टीकाराम यादव

कोरबा । संवाददाता: कोरबा के सिविल लाइन थाना अंतर्गत काशी नगर में बुधवार की शाम एक निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे युवक की बिजली के झटके से जान चली गई. जानकारी के अनुसार, दादर बस्ती निवासी टीकाराम यादव (28) काशी नगर में एक दो मंजिला मकान के निर्माण कार्य में लगा हुआ था. 


शाम करीब चार बजे छत पर सरिया बिछाने के दौरान लोहे की छड़ ऊपर से गुजर रही 11 केवी की हाई वोल्टेज लाइन से टकरा गई. करंट का झटका इतना जबरदस्त था कि टीकाराम अनियंत्रित होकर सीधे जमीन पर गिर पड़ा. 

विज्ञापन


आसपास मौजूद लोग और परिजन उसे तुरंत उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.


परिजनों ने बताया कि टीकाराम अपने घर का मुख्य सहारा था और पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते उसने अभी तक विवाह भी नहीं किया था. 


मृतक के पिता ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है. 


बताया जा रहा है कि यह निर्माण कार्य पंकज देवांगन के मकान में ठेकेदार सानी यादव द्वारा कराया जा रहा था. हादसे की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और जांच शुरू कर दी है. 


इधर, मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों और संबंधित पक्ष के बीच चर्चा हुई, जिसके बाद उचित मुआवजा मिलने पर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया संपन्न कराई गई. पुलिस अब इस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP