सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा: खेत की मेड़ तोड़ने को लेकर भाले से हमला, ग्रामीण की मौत

C

CG Khabar

29 अग. 2026, 01:57 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

हत्या
हत्या

कोरबा । संवाददाता: कोरबा जिले के पाली थाना अंतर्गत खैरबहारा गांव में खेत की मेड़ काटने के मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. पड़ोसी के भाले के हमले से गंभीर रूप से घायल अजय कुमार रोहिदास ने इलाज के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दम तोड़ दिया. 


इस वारदात के बाद हरकत में आई पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ हत्या की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी भारत सिंह कंवर को गिरफ्तार कर कटघोरा उपजेल भेज दिया है, जबकि वारदात में शामिल उसका साथी संजय कुमार कंवर फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है.

विज्ञापन


घटना की शुरुआत धान की रोपाई के दौरान हुए एक विवाद से हुई थी. मृतक अजय के पिता सत्यनारायण का खेत आरोपी भारत सिंह के खेत के ठीक नीचे स्थित है. पानी की जरूरत को देखते हुए सत्यनारायण ने भारत के खेत की मेड़ तोड़कर अपने खेत में पानी ले लिया था, जिससे दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था. 


इसी रंजिश के तहत 25 अगस्त की रात करीब 9 बजे भारत सिंह अपने साथी संजय के साथ अजय के घर धमका. अजय ने दीपका से काम लौटकर आने की बात कहते हुए इस विवाद में अपनी अनभिज्ञता जताई, लेकिन आरोपियों ने एक न सुनी और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी.


झगड़े के दौरान आरोपी भारत सिंह ने अपने पास रखे तीखे भाले से अजय के पेट और हाथ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. लहूलुहान अजय के जमीन पर गिरते ही दोनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले. 


परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए घायल अजय को पाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद उसने गुरुवार को दम तोड़ दिया. मृतक की पत्नी जानकी बाई रोहिदास के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार दूसरे आरोपी की तलाश तेज कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP