सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा: रोड एक्सीडेंट में भाई-बहन की मौत, हाईवे दो घंटा जाम

C

CG Khabar

16 जुल. 2026, 02:44 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक अनियंत्रित टैंकर ने स्कूटी सवार तीन स्कूली बच्चों को जोरदार टक्कर मार दी. बांगो थाना क्षेत्र के अंतर्गत पोड़ी बस स्टैंड के समीप हुए इस भीषण हादसे में दो सगे भाई-बहन की मौके पर ही सांसें थम गईं, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया.


घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, कोनकोना बस्ती के रहने वाले तीन बच्चे अपनी स्कूटी से कुछ जरूरी सामान लेने के लिए पोड़ी बस स्टैंड आए हुए थे. इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया. 

विज्ञापन


टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बच्चे हवा में उछलकर काफी दूर जा गिरे. इस हादसे में 13 वर्षीय बूटी गोस्वामी और उसके 12 वर्षीय छोटे भाई दशरथ गोस्वामी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.


एक ही परिवार के दो चिराग बुझने और इस वीभत्स दुर्घटना से स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने तुरंत अंबिकापुर-कोरबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरना दे दिया. 


आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक चक्काजाम प्रदर्शन किया. इस वजह से नेशनल हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया.


सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस और स्थानीय तहसीलदार तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए पीड़ित परिवार को तात्कालिक सहायता के रूप में 25-25 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की. 


प्रशासन से मिले ठोस आश्वासन और इस त्वरित आर्थिक मदद के बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त किया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात दोबारा बहाल हो सका.


इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. स्थानीय निवासियों ने भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए पोड़ी बस स्टैंड के पास अनिवार्य रूप से स्पीड ब्रेकर बनाने और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की पुरजोर मांग की है. 


फिलहाल, बांगो थाना पुलिस ने दुर्घटना कारित करने वाले टैंकर को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक जांच शुरू कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP