कोरबा: उफनता नाला पार करते समय बहा बाइक सवार, 12 घंटे बाद मिला शव
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में लगातार हो रही तेज बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. लेमरू थाना क्षेत्र के ग्राम नकिया के पास उफनते सांचर नाले को बाइक से पार करने के दौरान एक 28 वर्षीय युवक तेज बहाव की चपेट में आ गया. सोमवार शाम को हुई इस घटना के बाद मंगलवार सुबह युवक का शव हादसे वाली जगह से लगभग तीन किलोमीटर दूर बरामद किया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक, नकिया गांव निवासी राहुल कुमार मंझवार अपने साथी बुधराम के साथ किसी घरेलू काम से कोरबा शहर आया हुआ था. देर शाम वापस लौटते समय गांव से कुछ ही दूरी पर स्थित सांचर नाला उफान पर मिला.
नाले में पानी का वेग काफी तेज था, फिर भी राहुल ने बाइक आगे बढ़ा दी. खतरे को भांपते हुए उसके साथी बुधराम ने तुरंत बाइक से छलांग लगा दी और सुरक्षित किनारे पर पहुंच गया, लेकिन राहुल बाइक समेत तेज धार में बह गया और लापता हो गया.
सोमवार रात अंधेरा और पानी का स्तर अधिक होने के कारण तलाश अभियान शुरू नहीं हो सका था. इसके बाद मंगलवार सुबह लेमरू पुलिस और बचाव दल ने ग्रामीणों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया.
काफी मशक्कत के बाद राहुल का शव नाले में फंसा हुआ मिला, जिसे निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.