कोलकाता: सॉल्टलेक के आनंदलोक अस्पताल में लगी भीषण आग
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल के बिधाननगर अंतर्गत सॉल्टलेक स्थित आनंदलोक अस्पताल में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब अस्पताल की दूसरी मंजिल पर भीषण आग लग गई. सड़क पर चल रहे राहगीरों ने जब इमारत से काला धुआं और आग की लपटें उठती देखीं, तो तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी.
सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और राहत कार्य शुरू किया.
शुरुआती जांच और पुलिस सूत्रों के अनुसार, आग लगने का कारण एयर कंडीशनर में शॉर्ट-सर्किट बताया जा रहा है. आग ने देखते ही देखते दूसरी मंजिल पर स्थित ऑपरेशन थिएटर के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया था.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन और स्थानीय लोगों ने मिलकर तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और मरीजों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया.
अस्पताल के कर्मचारियों के अनुसार, लगभग 70 से 75 मरीजों को सुरक्षित तरीके से अस्पताल के दूसरे भवन में शिफ्ट कर दिया गया है.
राहत की बात यह है कि इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. अस्पताल के ट्रस्टी बोर्ड के सदस्य संजय हाजरा ने पुष्टि की है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और सभी मरीज सुरक्षित हैं.
हालांकि, बिधाननगर के डीसी (ट्रैफिक) मीत कुमार ने कहा कि आग लगने के सटीक कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी. सुबह करीब 11 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया था, लेकिन इस घटना से मरीजों और उनके परिजनों के बीच काफी दहशत का माहौल बना रहा.