सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

खरसिया: सिविल अस्पताल में युवक की मौत पर भारी हंगामा

C

CG Khabar

26 जून 2026, 02:41 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

Police van
Police van

रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया स्थित सिविल अस्पताल में बवासीर का इलाज कराने आए एक 21 वर्षीय युवक की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई. इस घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए भारी हंगामा किया. 


गुस्साए परिजनों ने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ पर गलत इंजेक्शन देने और इलाज में घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है. अस्पताल के बाहर धरने पर बैठे पीड़ित परिवार ने दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई और एक करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है, जिसके चलते देर रात तक अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बना रहा.

विज्ञापन


घटनाक्रम के अनुसार, मृतक पदुम शर्मा को बवासीर की शिकायत थी, जिसके उपचार के लिए उनके पिता राजन प्रसाद शर्मा उन्हें बुधवार को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे. वहां चिकित्सकों ने युवक के ऑपरेशन की सलाह दी थी. 


तय प्रक्रिया के तहत गुरुवार सुबह करीब 10 बजे युवक को दोबारा अस्पताल लाया गया, जहां शुरुआती जांच के बाद उसे ऑपरेशन थिएटर (OT) ले जाया गया. 


परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन थिएटर में ले जाने के करीब डेढ़ घंटे बाद एक नर्स ने उन्हें भीतर बुलाया, जहां डॉक्टरों ने युवक के होश में न आने की बात कहते हुए उसे तुरंत रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर करने की बात कही. हालांकि, तब तक युवक दम तोड़ चुका था.


मामले की संवेदनशीलता और बढ़ते विवाद को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. 


अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझाने और शांत कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन लोग आरोपियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे. 


स्थिति को नियंत्रित करने और मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज से विशेषज्ञों की एक विशेष टीम को पोस्टमार्टम के लिए खरसिया भेजा गया है. प्रशासन की ओर से निष्पक्ष जांच का भरोसा दिए जाने के बाद भी क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP