खैरागढ़: नवविवाहिता ने की खुदकुशी, पति गिरफ्तार
खैरागढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में शादी के महज कुछ महीनों बाद एक नवविवाहिता द्वारा खुदकुशी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी पति अजय बघेल को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी शादी के बाद से ही पीड़िता को बाइक और नकदी के लिए प्रताड़ित कर रहा था.
साथ ही, शादी से पहले पढ़ाई जारी रखने की सहमति बनने के बावजूद आरोपी पति ने महिला को 'डिप्लोमा इन एजुकेशन' (D.Ed) की पढ़ाई करने से रोक दिया था.
लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने खैरागढ़ स्थित अपने घर पर यह खौफनाक कदम उठाया.
गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपेश कुमार डांडे ने बताया कि जांच में मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.