केरल सड़क दुर्घटना: तमिलनाडु के 8 इंजीनियरिंग छात्रों की मौत, कार के उड़े परखचे
त्रिशूर । डेस्क: केरल के त्रिशूर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 66 पर काईपमंगलम के पास शुक्रवार देर रात पनंपिक्कुन्नू में निर्माण कार्य वाले मोड़ पर एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी मालवाहक लॉरी से पीछे से जा टकराई. इस भयानक टक्कर में कार में सवार तमिलनाडु के सभी आठों इंजीनियरिंग छात्रों की मौत हो गई.
हादसा रात करीब 11.42 बजे उस वक्त हुआ जब कार गुरुवायूर से कोडुंगल्लूर की ओर जा रही थी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार लॉरी के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंसकर पूरी तरह से पिचक गई. स्थानीय निवासियों, दमकल विभाग और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद लॉरी को आगे खींचकर और कार के हिस्सों को काटकर शवों को बाहर निकाला.
हादसे में सात छात्रों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि एक छात्र की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. शुरुआती जांच के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि वाहन चलाते समय चालक को झपकी आ जाने के कारण यह हादसा हुआ.
सभी मृतक छात्र डिंडीगुल स्थित पीएसएनए कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के छात्र थे और उनकी उम्र 20 वर्ष थी. मृतकों की पहचान प्रसन्ना आर., जोशुआ हिल्सन जे., मुरली कृष्णन एम., युवा साजिथ के., जीवा एन., जी. संतोष, सूर्या आई. और वी. विश्वा के रूप में हुई है. ये छात्र अपने दोस्त संतोष की नई कार खरीदने की खुशी में एक दिन की ट्रिप पर निकले थे, जिसके लिए उन्होंने एक रेंटल कार ली थी.
त्रिशूर गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल के शवगृह में शनिवार सुबह से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ज्यादातर परिवारों को यह जानकारी ही नहीं थी कि उनके बच्चे इस यात्रा पर गए हैं. पुलिस ने वाहन मालिक का पता लगा लिया है, जिसने बताया कि छात्रों ने उससे गाड़ी ली थी, लेकिन वे कहां जा रहे हैं इसकी जानकारी नहीं दी थी. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.