सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

कटघोरा: संदिग्ध परिस्थितियों में यूपी के युवक की मौत

C

CG Khabar

16 जुल. 2026, 02:34 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

अभिषेक कुमार गौड़
अभिषेक कुमार गौड़

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के रहने वाले 22 वर्षीय युवक अभिषेक कुमार गौड़ की रहस्यमय हालात में जान चली गई. मृतक के परिजनों ने इस पूरी घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जाहिर की है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है, क्योंकि युवक के पास से उसका मोबाइल और कोई भी पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है.


प्रयागराज निवासी नीरज कुमार गौड़ का बेटा अभिषेक पिछले दो वर्षों से बिलासपुर की एक कांच फैक्ट्री में मजदूरी कर रहा था. मंगलवार को उसे बेहद नाजुक हालत में कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसके जहर सेवन करने की पुष्टि की. 

विज्ञापन


प्राथमिक उपचार के बाद उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी सांसें टूट गईं. पुलिस को मृतक की जेब से केवल 401 रुपये और एक कागज का टुकड़ा मिला, जिस पर लिखे नंबर के जरिए उसके पिता को इस हादसे की जानकारी दी गई.


इस पूरे मामले में मोड़ तब आया जब अस्पताल में एक अज्ञात महिला पहुंची. उसने खुद को मृतक की पत्नी बताते हुए दावा किया कि उनके दो बच्चे भी हैं. अस्पताल में मौजूद पुलिस कर्मियों ने जब उस महिला से पूछताछ शुरू की, तो वह कुछ ही देर में वहां से चुपचाप रफूचक्कर हो गई और दोबारा लौटकर नहीं आई. इस घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है.


पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव उसके गृहग्राम से आए परिजनों को सौंप दिया गया है. युवक के पिता और रिश्तेदारों का कहना है कि अभिषेक के जहर खाने के पीछे कोई बड़ी साजिश हो सकती है. उसके पास से ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड और मोबाइल का गायब होना भी गहरी साजिश की ओर इशारा कर रहा है. परिजनों ने प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच करने की गुहार लगाई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP