रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

कर्नाटक: बाइक सवार युवक के लिए काल बना मांझा

C

CG Khabar

15 जन. 2026, 02:29 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

Dead body
Dead body

बेंगलुरु । डेस्क: कर्नाटक के बीदर जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है. जहां पतंग के जानलेवा मांझे ने एक और हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं. तालामदगी ब्रिज के पास मोटरसाइकिल से जा रहे संजू कुमार होसामानी नामक युवक का गला पतंग के धारदार मांझे की चपेट में आने से बुरी तरह कट गया. 


सड़क पर अवैध नायलॉन मांझा मौत का जाल बनकर बिछा था, जिससे युवक के गले पर इतना गहरा घाव हुआ कि अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

विज्ञापन


सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस घटना के विचलित करने वाले वीडियो में देखा जा सकता है कि खून से लथपथ होने के बावजूद संजू कुमार ने हिम्मत नहीं हारी और अपनी बेटी को फोन करने की कोशिश की. 


एक राहगीर ने उनकी मदद करने और कपड़े से खून रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. 


स्थानीय निवासियों का आरोप है कि एम्बुलेंस को समय पर सूचना दी गई थी, लेकिन उसके देरी से पहुंचने के कारण युवक को बचाया नहीं जा सका. 


इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए आपातकालीन सेवाओं में सुधार और नायलॉन मांझे पर कड़े प्रतिबंध की मांग की है.


गौरतलब है कि मकर संक्रांति के आसपास देशभर में पतंगबाजी का उत्साह रहता है, लेकिन पारंपरिक सूती धागे की जगह अब 'चीनी मांझे' या नायलॉन के धागों ने ले ली है. 


ये धागे सस्ते और मजबूत होने के कारण लोकप्रिय तो हैं, लेकिन इंसानों और पक्षियों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं. 


मध्य प्रदेश के इंदौर में भी हाल ही में ऐसी ही एक घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई थी. फिलहाल, मन्ना एखेली थाना पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP