सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

कबीरधाम: लापता युवक का खदान में मिला शव

C

CGkhabar

23 मई 2026, 09:43 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

दीपक तिवारी
दीपक तिवारी

कबीरधाम । संवाददाता: कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा थाना इलाके में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शांति नगर स्थित एक क्रेशर प्लांट की खदान में एक 25 वर्षीय युवक की लाश बरामद हुई. मृतक की शिनाख्त गौरमाटी निवासी दीपक तिवारी के रूप में की गई है, जो वर्तमान में शांति नगर लोहारा में ही रह रहा था. 


घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची लोहारा थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है.

विज्ञापन


गौरतलब है कि दीपक तिवारी बीते 21 मई की रात से अचानक लापता हो गया था. परिजनों द्वारा काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो 22 मई को लोहारा थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी. 


शनिवार की सुबह जब स्थानीय ग्रामीणों ने क्रेशर प्लांट परिसर की खदान में एक युवक की लाश और उसकी मोटरसाइकिल देखी, तो उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी.


पुलिस के मुताबिक मामला बेहद संवेदनशील और संदिग्ध है. हालांकि शुरुआती नजरिए से यह कयास लगाए जा रहे हैं कि मोटरसाइकिल अनियंत्रित होने से युवक दुर्घटनावश खदान में गिर गया होगा, लेकिन पुलिस आत्महत्या और हत्या जैसे अन्य तमाम पहलुओं को खारिज नहीं कर रही है. 


पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि घटना स्थल की परिस्थितियों को देखते हुए हर बारीकी पर नजर रखी जा रही है और मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा.


इस दर्दनाक हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे पुलिस से निष्पक्ष जांच की गुहार लगा रहे हैं. 


वहीं इस घटना से स्थानीय निवासियों में भी गहरा रोष और दुख है, लोग जल्द से जल्द इस रहस्यमयी मौत का सच सामने लाने की मांग कर रहे हैं. फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले को सुलझाने का प्रयास कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP