प्रेशर आईईडी की चपेट में आने से जवान की मौत
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में आईईडी ब्लास्ट होने से जवान की मौत
बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में तोयनार-फरसेगढ़ इलाके में चल रहे सड़क निर्माण की सुरक्षा में लगे सीएएफ जवान मनोज पुजारी की माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर बम की चपेट में आने से मौत हो गई.
कुछ दिन पहले ही तोयनार से फरसेगढ़ के बीच सड़क निर्माण का काम शुरू हुआ है.
मोरमेड फ़रसेगढ़ जंगल की ओर जवानों को निशाना बनाने के लिए पहले से ही माओवादियों ने आईईडी प्लांट कर रखा था, जिसमें CAF के जवान का पैर पड़ने से आईईडी ब्लास्ट हो गया.
इसके चलते जवान की मौके पर ही मौत हो गई.
जानकारी के मुताबिक जवान मनोज पुजारी सीएएफ 19 वीं बटालियन का जवान था. बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि जिन इलाकों में नक्सली बैकफुट पर हैं, उन इलाकों में तेजी से सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा है.
तोयनार और फ़रसेगढ़ का इलाका नक्सल प्रभावित इलाका है. उस इलाके में पक्की सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया गया है. इसी सड़क की सुरक्षा में सीएएफ और डीआरजी के जवान लगे हुए हैं.
फ़रसेगढ़ से करीब 4 किलोमीटर दूर मोरमेड के पास नक्सलियों ने पहले से ही प्रेशर आईईडी लगा कर रखा था.
हालांकि सड़क सुरक्षा में लगे जवानों के साथ बीडीएस की टीम भी मौजूद थी, लेकिन जिस इलाके में ब्लास्ट हुआ उस इलाके में सर्च नहीं किया गया था. जिसके चलते 19वीं बटालियन में ड्यूटी पर तैनात सीएएफ जवान मनोज पुजारी का पैर आ गया और प्रेशर आईईडी ब्लास्ट हो गया. ब्लास्ट होते ही जवान की मौत हो गई.
घटना के बाद से लगातार इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है. फिलहाल जवान के पार्थिव शरीर को बीजापुर मुख्यालय लाया जा रहा है.