सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

जशपुर: 4.4 क्विंटल गांजे की बड़ी खेप के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

C

CG Khabar

03 अक्टू. 2026, 05:50 PM 2 मिनट में पढ़ें 3

गिरफ्तार
गिरफ्तार

जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर में ओडिशा सीमा पर स्थित लावाकेरा चेकपोस्ट पर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी ट्रक से 440 किलोग्राम से अधिक (440.6 किग्रा) गांजा जब्त किया है. बरामद किए गए इस गांजे की बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 2.20 करोड़ रुपये बताई जा रही है. 


जिला एंटी-नारकोटिक्स यूनिट और तपकरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तस्करों की इस साजिश को नाकाम करते हुए उत्तर प्रदेश के दो निवासियों को गिरफ्तार किया है.

विज्ञापन


तस्करों ने गांजे की इस भारी खेप को छुपाने के लिए चालाकी का सहारा लिया था. मिनी ट्रक में मिर्च की बोरियों के नीचे गांजे के पैकेट छिपाकर ले जाए जा रहे थे. 


गिरफ्तार किए गए आरोपी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के रहने वाले हैं. 


जशपुर एसएसपी लाल उमेद सिंह के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि यह गांजा ओडिशा के बौध क्षेत्र से खरीदा गया था और इसे प्रयागराज ले जाया जा रहा था. इस मामले में तपकरा थाने में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. 


पुलिस अब गांजे की सप्लाई चेन, मुख्य सरगना और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है.


उल्लेखनीय है कि जशपुर का लावाकेरा क्षेत्र ओडिशा सीमा के पास होने के कारण अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का एक प्रमुख मार्ग बन चुका है, जहां पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है. 


जशपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन आघात' के तहत यह एक बड़ी सफलता है. इस अभियान के तहत इस साल जनवरी से अब तक पुलिस ने गांजा तस्करी के 16 मामले दर्ज किए हैं, जिनमें कुल 1,906 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 8 करोड़ रुपये) जब्त कर 22 तस्करों को जेल भेजा जा चुका है. इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 17 कारें और एक पिकअप वाहन भी जब्त किया जा चुका है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP