जशपुर: ओडिशा से छत्तीसगढ़ गौमांस ले जा रहा तस्कर गिरफ्तार
जशपुर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले की कोतबा चौकी पुलिस ने पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक कार से 60 किलो गौमांस बरामद करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया है.
यह कार्रवाई 20 मार्च की रात को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर की गई.
पुलिस को जानकारी मिली थी कि एक व्यक्ति अल्टो कार के जरिए ओडिशा के बनडेगा गांव से प्रतिबंधित मांस की खेप लेकर लैलूंगा की ओर जा रहा है. सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस टीम ने तत्काल नाकाबंदी की और रात करीब 9:30 बजे संदिग्ध वाहन को रोक लिया.
वाहन की सघन तलाशी लेने पर उसके भीतर अलग-अलग पैकेटों में भरा हुआ कुल 60 किलो मांस पाया गया.
मौके पर बुलाए गए पशु चिकित्सक द्वारा परीक्षण करने पर इस बात की पुष्टि हुई कि जब्त किया गया मांस गोवंश का है.
पुलिस ने मामले में 24 वर्षीय आरोपी जीसान हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ पशु वध प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.