जल जीवन मिशन अधूरा, 45 ठेकेदारों को नोटिस
पेंड्रा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में जल जीवन मिशन के कार्यों में देरी करने पर कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने 45 ठेकेदारों को अंतिम नोटिस जारी किया है. साथ ही 15 दिनों के अंदर शेष काम पूरा करने सख्त निर्देश दिए हैं.
निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण न करने वाले ठेकेदारों के कार्य अनुबंध को निरस्त करने की भी चेतावनी दी है.
नोटिस में बताया गया है कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत मरवाही विकासखंड के चंगेरी, परासी, कुम्हारी, मरवाही, लोहारी, सेमरदर्री, मडवाही और दानीकुण्डी पतेराटोला गांवों में रेट्रोफिटिंग ग्राम योजना के तहत पाइप बिछाने और घरेलू नल कनेक्शन का काम अधूरा हैं.
जल जीवन मिशन के काम को पूरा करने के लिए 6 महीने का समय दिया गया था. यह समयावधि 21 दिसंबर 2022 को समाप्त हो गई थी.
इसके बाद भी कार्य पूरा नहीं हुआ है. निर्धारित समय में कार्य पूरा न होने से ग्रामवासियों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है.
कलेक्टर ने कहा कि इससे पहले भी ठेकेदारों को मौखिक और लिखित सूचनाएं दी गई थीं, लेकिन उन्होंने कार्य पूरा करने में कोई विशेष रुचि नहीं दिखाई. इसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है. काम में अनावश्यक देरी से ग्रामवासियों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है.
उन्होंने कहा है कि बार-बार चेतावनी के बावजूद कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं आने की स्थिति को देखते हुए उन्हें यह अंतिम नोटिस जारी किया गया है. अगर अब भी ठेकेदार कार्य पूरा नहीं करते हैं, तो अनुबंध के नियमों के तहत उनका अनुबंध निरस्त कर दिया जाएगा.