सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

जगदलपुर: लकड़ी से लदा ट्रक पलटने से एक मजदूर की मौत

C

CG Khabar

28 मई 2026, 02:22 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

जगदलपुर । संवाददाता: बस्तर जिले के कोलेंग नाला मोड़ के पास मंगलवार को वन विभाग की लकड़ियों से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया. इस दुर्घटना में ट्रक पर सवार एक श्रमिक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं. दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है.


मिली जानकारी के अनुसार, यह मालवाहक वाहन छिंदगुड़ इलाके से वन विभाग की लकड़ियां लादकर जगदलपुर की ओर आ रहा था. दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही ट्रक कोलेंग नाला मोड़ के समीप पहुंचा, रफ्तार तेज होने के कारण चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे पलट गया. 

विज्ञापन


हादसा इतना भीषण था कि ट्रक के ऊपर बैठे तीन मजदूर भारी-भरकम लकड़ियों के मलबे के नीचे बुरी तरह दब गए.


आसपास मौजूद स्थानीय ग्रामीणों और साथी मजदूरों ने फौरन मौके पर पहुंचकर दबे हुए लोगों को बाहर निकालने का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. 


काफी मशक्कत के बाद मलबे से निकालकर सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया. 


हालांकि, इलाज के दौरान परपा तरईगुड़ा पारा के रहने वाले 30 वर्षीय श्रमिक उमेश बघेल ने दम तोड़ दिया. हादसे में घायल दो अन्य श्रमिकों की हालत नाजुक बनी हुई है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP