जगदलपुर, चाकूपुर में तब्दील हो रहा- कांग्रेस
जगदलपुर । संवाददाता: बस्तर के नगरनार क्षेत्र स्थित कलचा गांव में हुई दोहरे हत्याकांड की वारदात ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है. इस जघन्य घटना के बाद कांग्रेस ने प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.
कांग्रेस नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि जिस जगदलपुर को शांति के लिए जाना जाता था, वह अब 'चाकूपुर' के रूप में अपनी पहचान बना रहा है.
कांग्रेस के शहर जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य, ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला और पूर्व विधायक राजमन बेंजाम ने इस पर सरकार को घेरा है. उन्होंने इस बात पर गहरा आश्चर्य और रोष जताया कि जिस समय सांसद और विधायक क्षेत्र में एक कार्यक्रम में मौजूद थे, ठीक उसी दौरान बेखौफ अपराधियों ने दो युवकों की जान ले ली.
यह घटना प्रशासन और पुलिस पर सीधा प्रहार है.
पार्टी नेतृत्व ने आरोप लगाया कि राज्य में अपराध का ग्राफ तेजी से ऊपर जा रहा है और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है. कांग्रेस का कहना है कि सरकार और स्थानीय प्रशासन अपराधियों पर लगाम कसने में पूरी तरह विफल साबित हुए हैं.
साथ ही, उन्होंने यह गंभीर आरोप भी लगाया कि कुछ सत्ताधारी नेताओं के कथित संरक्षण के कारण इलाके में अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे कानून व्यवस्था की स्थिति और भी बिगड़ गई है. Symbolic Photo