IMM कोलकाता में बलात्कार
कोलकाता । डेस्क: आईआईएम कोलकाता (जोका) में बलात्कार मामले में पुलिस को पीड़िता से संपर्क करने में दिक्कत हो रही है. लालबाजार पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीड़िता का मोबाइल फोन बंद है. सोमवार को पीड़िता का गोपनीय बयान लिया जाना था, लेकिन यह नहीं हो सका.
अब मंगलवार को इसके लिए नया समय निर्धारित किया गया है.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सोमवार को अभियुक्त का मेडिको-लीगल टेस्ट किया गया. जांच के लिये पुलिस ने पीड़िता से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन असफल रही.
पुलिस ने मानक प्रक्रिया (एसओपी) का पालन करते हुए जांच शुरू की है. हॉस्टल के निवासियों से पूछताछ की गई और हॉस्टल का लॉगबुक जब्त कर लिया गया. फॉरेंसिक जांच के लिए नमूने भी एकत्र किये गये हैं.
पीड़िता के लिखित बयान के अनुसार, शुक्रवार को वह अभियुक्त की काउंसलिंग के लिए आईआईएम जोका गई थीं. अभियुक्त ने उन्हें बॉयज हॉस्टल में ले जाकर पिज्जा और पानी दिया, जिसमें कुछ मिला होने का शक है.
खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश हो गईं. पीड़िता का दावा है कि अर्धचेतन अवस्था में उनका बलात्कार किया गया. होश में आने पर उन्होंने हरिदेवपुर थाने में शिकायत दर्ज की.
हालांकि, पीड़िता के पिता ने मीडिया के सामने दावा किया कि उनकी बेटी पर कोई अत्याचार नहीं हुआ.
इस बयान को अभियुक्त के वकील ने अदालत में उठाया और पुलिस से स्पष्ट रिपोर्ट की मांग की.
सरकारी वकील ने इसका विरोध किया, जिसे जज ने मौखिक रूप से समर्थन दिया. अभियुक्त को 19 जुलाई तक पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया गया है.