घूमने के बहाने ले जाकर पति ने पत्नी को नदी में धकेला, डूबने से मौत, पति गिरफ्तार
राजनांदगांव में घरेलू कलह से परेशान पति ने पत्नी को घूमने के बहाने ले जाकर मोहारा नदी में धक्का दे दिया. तैरना न जानने के कारण महिला की डूबने से मौत हो गई. आरोपी गिरफ्तार.
राजनांदगांव । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में मामूली बातों पर होने वाले रोज-रोज के विवादों से तंग आकर एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी. आरोपी ने पत्नी को घूमने के बहाने मोहारा नदी के पास ले जाकर पानी में धक्का दे दिया, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र की है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी मयूर मेश्राम उर्फ रिंकू का अपनी पत्नी नीलम के साथ छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था. इसी कलह से परेशान होकर आरोपी ने पत्नी को रास्ते से हटाने की साजिश रची. 21 अक्टूबर की शाम लगभग 7 बजे वह अपनी पत्नी को घुमाने का झांसा देकर मोहारा नदी स्थित एक छोटे पुल के पास ले गया.
नदी के पास पहुंचने पर दोनों के बीच एक बार फिर कहासुनी शुरू हो गई. विवाद बढ़ने पर मयूर ने नीलम को बहते पानी में धक्का दे दिया. आरोपी यह अच्छी तरह जानता था कि उसकी पत्नी को तैरना नहीं आता है. गहरे पानी में डूबने के कारण नीलम की मौके पर ही मौत हो गई.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद अपने साले को पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद मृतका के परिजनों की शिकायत पर बसंतपुर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 22 अक्टूबर को आरोपी मयूर मेश्राम को हिरासत में ले लिया. कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे राजनांदगांव जिला जेल भेज दिया गया है.