छत्तीसगढ़ को मिली दो नई ट्रेनों की सौगात: बस्तर में कनेक्टिविटी बढ़ेगी
छत्तीसगढ़ के बस्तर और मैदानी क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को नया बल मिला है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ताड़ोकी-रावघाट और अभनपुर-कुरुद रेल लाइनों का शुभारंभ कर रायपुर से रावघाट और कुरुद के लिए नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई, जिससे व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे.
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य के रेल नेटवर्क का विस्तार करते हुए ताड़ोकी-रावघाट और अभनपुर-कुरुद ब्रॉडगेज रेल लाइनों का उद्घाटन किया. इसके साथ ही रायपुर से रावघाट और रायपुर से कुरुद के लिए नई पैसेंजर ट्रेन सेवाओं की शुरुआत हो गई है.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इन नई रेल सेवाओं से बस्तर क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और व्यापार, वाणिज्य, स्वास्थ्य तथा शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को एक नया आयाम मिलेगा.
मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर अंचल के लिए दो नई ट्रेनों का एक साथ शुरू होना छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है. रायपुर से रावघाट और जगदलपुर तक रेल कनेक्टिविटी की लंबे समय से मांग की जा रही थी, जो आज पूरी हो गई है.
इसके अलावा, रायपुर से धमतरी के बीच पुरानी नैरो-गेज लाइन का विस्तार कर अब कुरुद तक ब्रॉडगेज सेवा शुरू कर दी गई है, जिसे जल्द ही धमतरी तक विस्तारित किया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया. उन्होंने बताया कि राज्य में रेलवे के विकास के लिए बजट में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है.
पहले जहां छत्तीसगढ़ को रेलवे के लिए 300 करोड़ रुपये मिलते थे, वहीं अब यह बजट 24 गुना बढ़कर 7,500 करोड़ रुपये हो गया है. रायपुर में इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव रखरखाव सुविधा के शिलान्यास के साथ ही यह विस्तार राज्य के आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा.