मंगल, 20 अक्टू. 2026

CGKhabar

दुर्ग: जेडी स्टील प्लांट में 1500 डिग्री पिघले लोहे की चपेट में आने से ठेकेदार की मौत

दुर्ग के बोरई स्थित जेडी स्टील प्लांट में देर रात नोजल टूटने से ठेकेदार पर 1500 डिग्री पिघला लोहा गिर गया. सेक्टर-9 अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. हादसे के सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं.

C

CG Khabar

20 अक्टू. 2026, 09:02 AM 2 मिनट में पढ़ें 15

जिंदा जला
जिंदा जला

दुर्ग । संवाददाता: दुर्ग के इंडस्ट्रियल एरिया बोरई-रसमड़ा में संचालित जेडी स्टील प्लांट में काम के दौरान हुए हादसे में ठेकेदार संतोष कुमार श्रीवास्तव (42) की जान चली गई. बिहार के पूर्वी चंपारण (ग्राम श्यामपुर, थाना सुगौली) के निवासी संतोष स्टील प्लांट में ठेकेदारी का जिम्मा संभाल रहे थे. 

17 अक्टूबर की देर रात करीब 1 बजे प्लांट के चालू हिस्से में स्थित टिंडिस मशीन का नोजल अचानक नीचे गिर गया, जिसके बाद मशीन से निकला बेहद खौफनाक लगभग 1500 से 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान का पिघला लोहा सीधे उन पर आ गिरा.

खौफनाक घटना के बाद लहूलुहान और बुरी तरह झुलसी हालत में संतोष को तुरंत भिलाई स्थित सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद, गंभीर रूप से झुलस चुके संतोष ने उसी दिन दोपहर करीब 3:30 बजे दम तोड़ दिया. 

अगले दिन 18 अक्टूबर को पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसे वे अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव बिहार ले गए.

इस भयावह हादसे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में नजर आ रहा है कि लपटों से घिरा हुआ एक व्यक्ति बदहवास स्थिति में सीढ़ियों से नीचे दौड़ रहा है और आसपास खड़े मजदूर उसे बचाने की जद्दोजहद कर रहे हैं. हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.

संयंत्र परिसर में सुरक्षा मानकों को लेकर अब गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. जिला पंचायत सदस्य प्रिया साहू ने आरोप लगाया है कि इस कंपनी के दूसरे प्लांट में भी करीब दो साल पहले एक श्रमिक की झुलसने से मौत हो चुकी है, जिसके बाद भारी विरोध और धरने के बाद ही पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा मिल सका था. 

वर्तमान में यह पूरा प्लांट निर्माणाधीन है, लेकिन इसके कुछ हिस्से में उत्पादन चालू कर दिया गया था. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और कंपनी प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP