छत्तीसगढ़: दो नए रेल कॉरिडोर और नए रूट शुरू, 100 नई ट्रेनें चलाने की योजना
छत्तीसगढ़ में रेलवे नेटवर्क के बड़े विस्तार की तैयारी! दो नए रेल कॉरिडोर, अतिरिक्त रेलवे लाइन और 100 नई ट्रेनें चलाने की योजना.
दिल्ली । डेस्क: छत्तीसगढ़ में रेलवे बुनियादी ढांचे का एक बड़ा विस्तार होने जा रहा है, जिससे राज्य में रेल परिवहन को नई दिशा मिलेगी. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि नए रेल कॉरिडोर, मुख्य मार्गों पर अतिरिक्त पटरियां बिछाने और दूरदराज के इलाकों को जोड़ने की योजनाओं पर काम शुरू हो चुका है.
इस बड़े विस्तार के पूरा होने से राज्य में कम से कम 100 नई ट्रेनों के संचालन के लिए पर्याप्त क्षमता पैदा होगी.
इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत दो नए रेल कॉरिडोर को मंजूरी दी गई है. पहला कॉरिडोर खरसिया से नया रायपुर होते हुए परमालकासा तक और दूसरा कटघोरा से डोंगरगढ़ तक जाएगा.
इसके अलावा, मध्य प्रदेश के कटनी-शहडोल से पेंड्रा रोड तक चौथी लाइन, पेंड्रा रोड से बिलासपुर तक तीसरी लाइन और चंपा से कोरबा के बीच तीसरी रेलवे लाइन बिछाई जाएगी.
इन नए ट्रैकों से मौजूदा झारसुगुड़ा-बिलासपुर-गोंदिया रूट के उत्तर और दक्षिण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी मजबूत होगी तथा यात्री और मालगाड़ियों दोनों की क्षमता में भारी बढ़ोतरी होगी.
क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए राज्य में दो प्रमुख यात्री सेवाओं का भी शुभारंभ किया गया है. ताडोकी-रावघाट ब्रॉडगेज लाइन के उद्घाटन के साथ ही आजादी के बाद पहली बार रावघाट तक पहली ट्रेन पहुंची है. अब रायपुर और रावघाट के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू हो चुकी है, जिससे उत्तर बस्तर कांकेर जिले समेत सुदूर इलाकों के निवासियों को सीधा फायदा मिलेगा.
इसके अतिरिक्त, रायपुर-अभनपुर-कुरुद मार्ग पर अमान परिवर्तन (गेज कंवर्जन) और ट्रैक अपग्रेड के बाद रायपुर से कुरुद के बीच भी नई ट्रेन सेवा शुरू कर दी गई है, जिसे भविष्य में धमतरी तक विस्तारित करने की योजना है.
रेलवे नेटवर्क के इस विस्तार को तकनीकी सहायता देने के लिए रायपुर में एक इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव मेंटेनेंस डिपो की आधारशिला भी रखी गई है.
ताडोकी-रावघाट और अभनपुर-कुरुद ब्रॉडगेज लाइनों का उद्घाटन छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में हुआ, जबकि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े. यह संपूर्ण विस्तार छत्तीसगढ़ में औद्योगिक माल ढुलाई और यात्री सुविधाओं को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा.