शनि, 24 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा: हसदेव नदी के पुल से लापता हुआ पुलिस जवान, SDRF टीम तलाश में जुटी

हसदेव नदी के पुल पर बाइक, पर्स और पुलिस आईकार्ड छोड़कर लापता हुए 31 वर्षीय आरक्षक सुनील बेक की तलाश तेज कर दी गई है. एसडीआरएफ की टीम तेज बहाव के बीच नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है.

C

CG Khabar

24 अक्टू. 2026, 09:57 AM 2 मिनट में पढ़ें 36

लापता जवान
लापता जवान

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मोरगा चौकी अंतर्गत केंदई के पास उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब हसदेव नदी के पुल पर एक लावारिस बाइक लावारिस हालत में पाई गई. वाहन के ऊपर ही मोबाइल, पर्स, सरकारी पहचान पत्र और अन्य पहचान संबंधी दस्तावेज रखे हुए थे. 

जांच करने पर पता चला कि यह वाहन (CG 14 MX 1898) और सामान सरगुजा जिले के प्रेमनगर थाना अंतर्गत तारापुर चौकी में पदस्थ 31 वर्षीय आरक्षक सुनील बेक का है. पुल पर मिले सामान और परिस्थितियों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि जवान ने करीब 25 फीट की ऊंचाई से नदी में छलांग लगा दी है.

घटना की भनक लगते ही मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने घटनास्थल से बरामद बाइक और दस्तावेजों को अपने कब्जे में ले लिया है. 

साथ ही आरक्षक के गृह जिले और संबंधित थाना-चौकी सहित उनके परिजनों को इस घटनाक्रम से अवगत करा दिया गया है. फिलहाल किन परिस्थितियों में जवान वहां पहुंचा और उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका सटीक कारण अभी सामने नहीं आ पाया है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है.

नदी में पानी का स्तर अधिक होने और बहाव तेज होने के कारण शुरुआती दौर में चलाए गए तलाशी अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. अंधेरे और विपरीत परिस्थितियों को देखते हुए एसडीआरएफ (SDRF) के विशेषज्ञ गोताखोरों की टीम को रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए तैनात किया गया है. सुबह से ही गोताखोरों की मदद से पानी के भीतर आरक्षक की व्यापक तलाश शुरू कर दी गई है, ताकि किसी ठोस नतीजे तक पहुंचा जा सके.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP