सूरजपुर डबल मर्डर: सहेली के पति ने ही की शिक्षिका और बेटे की हत्या, 13 दिन बाद गिरफ्तार
सूरजपुर दोहरे हत्याकांड का खुलासा: बिजनेस में घाटे और कर्ज से परेशान आरोपी ने शिक्षिका रजनी बरेठ व उनके मासूम बेटे को उतारा था मौत के घाट, आरोपी प्रवेश कुमार गिरफ्तार.
सूरजपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले को झकझोर कर रख देने वाले चर्चित शिक्षिका और उनके मासूम बेटे के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने आखिरकार पर्दाफाश कर दिया है. करीब दो हफ्ते तक चले सघन जांच-पड़ताल और साक्ष्यों की कड़ियों को जोड़ने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को धर दबोचा.
पुलिस हिरासत में आया आरोपी कोई और नहीं, बल्कि मृतका की करीबी सहेली का पति प्रवेश कुमार है, जो मूल रूप से हरियाणा का निवासी है.
जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से मोटरपार्ट्स के कारोबार में भारी वित्तीय नुकसान झेल रहा था. गंभीर आर्थिक संकट से उबरने और पैसों का इंतजाम करने की नीयत से उसने इस खौफनाक वारदात की पूरी साजिश रची थी.
प्लानिंग के तहत उसने शिक्षिका रजनी बरेठ की गला दबाकर हत्या कर दी, जबकि उनके बेटे सुजल पर जानलेवा हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सुजल के शव को महावीरपुर के जंगलों में फेंक आया था, वहीं शिक्षिका की लाश घर के कमरे में बंद मिली थी.
बीते 10 अक्टूबर को जब दो अलग-अलग स्थानों से मां-बेटे के शव बरामद हुए थे, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी.
पुलिस की स्पेशल टीमों ने घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए और अलग-अलग कोणों पर तफ्तीश आगे बढ़ाई, जिसके बल पर आरोपी की लोकेशन ट्रैक कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल पुलिस आरोपी प्रवेश कुमार से कड़ी पूछताछ कर रही है, ताकि हत्या से जुड़ी अन्य कड़ियों और पैसों के लेनदेन संबंधी जानकारी का पूरी तरह खुलासा किया जा सके.