गृहमंत्री अमित शाह का मैनपाट दौरा रद्द
रायपुर | संवाददाताः केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा रदद कर दिया गया है. अमित शाह बुधवार को मैनपाट में चल रहे भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे.
शाह के दौरे को देखते हुए तैयारियां पूरी कर ली गई थी. कहा जा रहा है अमित शाह वर्चुअल कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं.
अंबिकापुर जिले के मैनपाट में भाजपा का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर जारी है. शिविर का आज दूसरा दिन है.
आज प्रशिक्षण शिविर में मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होने मैनपाट पहुंचे हैं. कल इस कार्यक्रम का समापन होना है.
समापन केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में होना था, लेकिन आखिरी समय में किसी कारण से अमित शाह का मैनपाट दौरा रद्द किया गया है.
अब बुधवार को होने वाले समापन सत्र में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष और राष्ट्रीय महामंत्री शिव प्रकाश बतौर प्रशिक्षक मौजूद रहेंगे.
प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन मंगलवार को शिविर की शुरुआत योग अभ्यास से हुई.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव, सभी मंत्री और सांसद-विधायक योग में शामिल हुए.
प्रशिक्षण शिविर में आज छह सत्र संपन्न होंगे. शिविर में सोमवार से लेकर अब तक सात सत्र संपन्न हो चुके हैं.
आज के पहले सत्र में राष्ट्रीय संगठक वी. सतीश ने एससी-एसटी की सामाजिक और भौगोलिक दृष्टि पर प्रशिक्षण दिया.
इसके बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े प्रशिक्षण देंगे.