गौरेला: लाठियों से पीट-पीटकर अधेड़ की हत्या, 4 रिश्तेदार गिरफ्तार
गौरेला । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में गौरेला थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम नेवसा के लिखनटोला में पारिवारिक ज़मीनी रंजिश ने खूनी मोड़ ले लिया. लिखनटोला निवासी खूबचंद यादव अपने बेटे दुर्गेश यादव के साथ खेत में काम कर रहे थे, तभी ज़मीन के पुराने विवाद को लेकर परिवार के ही कुछ सदस्य वहाँ आ धमके.
दोनों पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते उग्र रूप धारण कर गई और गाली-गलौज के बीच हमलावरों ने खूबचंद पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. सिर और शरीर के संवेदनशील हिस्सों में आई गंभीर चोटों की वजह से खूबचंद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
इस नृशंस हत्याकांड की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के मार्गदर्शन में गौरेला थाना पुलिस और एफएसएल अधिकारी डॉ. त्रिपाठी की फॉरेंसिक टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला. क्राइम सीन का बारीकी से मुआयना करते हुए साक्ष्य एकत्र किए गए और शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया.
वारदात के तुरंत बाद सक्रिय हुई पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेहियों को हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ की. पुलिसिया पूछताछ में आरोपियों ने ज़मीनी रंजिश में हत्या की बात कबूल कर ली, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए चार लकड़ी के डंडे बरामद कर लिए गए.
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के महज कुछ ही घंटों के भीतर हत्या में शामिल चार आरोपियों रामलाल यादव, बिसाहू यादव, बुधईया बाई और मुकेश यादव को गिरफ्तार कर लिया. ये सभी आरोपी लिखनटोला के ही निवासी हैं और मृतक के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं. गौरेला पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.