सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा में हथियारों के दम पर गैस सिलेंडर लूटा

C

CG Khabar

15 अग. 2026, 01:34 PM 2 मिनट में पढ़ें 4

 गैस सिलेंडर लूटा
गैस सिलेंडर लूटा

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्वतंत्रता दिवस के सुरक्षा घेरे को ठेंगा दिखाते हुए नकाबपोश बदमाशों ने तड़के लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया. यह सनसनीखेज घटना दर्री क्षेत्र स्थित इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) प्लांट के ठीक सामने घटी. 


तड़के करीब चार बजे 4 से 5 नकाबपोश अपराधियों ने हथियारों के बल पर खड़े ट्रक से 7 भरे हुए गैस सिलेंडर पार कर दिए और बिना नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो में लादकर फरार हो गए.

विज्ञापन


गैस सिलेंडरों से लोड यह ट्रक प्लांट के पास खड़ा था और सुबह 5 बजे बिरला क्षेत्र के लिए रवाना होने वाला था. 


इसी दौरान जब चालक जयपाल दास वाहन के पास पहुंचा, तो उसने बदमाशों को सिलेंडर चोरी करते देखा. विरोध करने पर एक बदमाश ने उसके सिर पर कट्टा तान दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फायरिंग का खौफ दिखाया. 


चालक ने किसी तरह वहां से भागकर अपने साथियों को खबर दी, लेकिन जब तक वे लौटते, आरोपी माल समेटकर रफूचक्कर हो चुके थे.


घटना की सूचना मिलने के बाद दर्री थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. बदमाशों के चेहरे ढके होने और वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो पर नंबर प्लेट न होने के कारण आरोपियों की पहचान में चुनौती आ रही है. फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों और संभावित भागने के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर लुटेरों की सुरागकशी में जुटी हुई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP