सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

गरियाबंद: बाढ़ में फंसे 14 मजदूर सुरक्षित बचाए गए

C

CG Khabar

05 जुल. 2026, 05:59 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

गरियाबंद
गरियाबंद

गरियाबंद/रायपुर: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में लगातार 24 घंटे से हो रही भारी बारिश के कारण बड़ा हादसा टल गया. गरियाबंद और महासमुंद जिले की सीमा पर स्थित बीजापुर गांव में बागनई नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से पुल निर्माण कार्य में लगे 14 मजदूर बाढ़ के पानी के बीच फंस गए. ये सभी मजदूर पुल के नीचे बने एक अस्थायी शेड में रह रहे थे. 


घटना की सूचना मिलते ही गरियाबंद पुलिस और महासमुंद होमगार्ड की टीम ने एक संयुक्त आपातकालीन बचाव अभियान चलाकर सभी मजदूरों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

विज्ञापन


डीएसपी नितेश सिंह ने बताया कि इलाका जंगलों, पहाड़ों और नदी-नालों से घिरा होने के कारण बारिश का पानी तेजी से बढ़ा, जिससे स्थिति गंभीर हो गई थी. अगर सही समय पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं किया जाता, तो मजदूरों की जान को खतरा हो सकता था. फिलहाल, प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है और संवेदनशील इलाकों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है.


रायपुर में बाढ़ जैसे हालात, घरों में घुसा पानी


दूसरी ओर, राजधानी रायपुर में भी रात भर हुई मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. शहर के कई इलाके पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं और सड़कों पर घुटनों से लेकर कमर तक पानी भर गया है. स्थिति इतनी खराब हो गई कि देर रात लगभग 2 बजे से ही लोग अपने घरों से पानी निकालने और सामान सुरक्षित करने की कोशिशों में जुटे रहे. 


कई कॉलोनियां तालाब में तब्दील हो चुकी हैं और दो से तीन फीट तक गंदा पानी घरों के भीतर घुस गया है, जिससे लोगों का काफी सामान खराब हो गया. स्थानीय निवासियों के अनुसार, जलभराव के कारण उन्हें बिना सोए रात गुजारनी पड़ी और पीने के पानी व भोजन का संकट खड़ा हो गया है.


मौसम विभाग (IMD) ने एक बुलेटिन जारी कर छत्तीसगढ़ सहित पूर्वी व पश्चिमी मध्य प्रदेश और विदर्भ में 10 जुलाई तक व्यापक रूप से भारी बारिश होने की संभावना जताई है, जिससे आने वाले दिनों में मुश्किलें और बढ़ सकती हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP