भोरमदेव में कावड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा
कवर्धा | संवाददाताः मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज कवर्धा जिले के भोरमदेव में शिव भक्तों (कांवड़ियों) पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की. इस दौरान डिप्टी सीएम विजय शर्मा, अरुण साव और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी साथ थे.
सावन माह के तीसरे सोमवार को आज भोरमदेव मंदिर में बड़ी संख्या में सैकड़ों किलोमीटर पैदल यात्रा कर कांवड़िए जल चढ़ाने पहुंचे.
मुख्यमंत्री द्वारा कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा करने से श्रद्धालुओं का उत्साह और भी बढ़ गया. कांवड़ियों ने भी हाथ उठाकर सीएम का अभिवादन किया.
सीएम साय ने पिछले साल भी सावन के तीसरे सोमवार को भोरमदेव में कावड़ियों पर पुष्प वर्षा की थी.
कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा के बाद मुख्यमंत्री ने भोरमदेव मंदिर पहुंचकर मंत्रोच्चारण, विशेष पूजा-अर्चना और रुद्राभिषेक किया. मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में उपस्थित कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं से भेंटकर चर्चा की.
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सावन मास के तीसरे सोमवार को बाबा भोरमदेव की पावन धरती पर शिवभक्तों के साथ जुड़ना मेरे लिए अत्यंत सौभाग्य और गर्व का विषय है. हजारों श्रद्धालु सैकड़ों किलोमीटर की पदयात्रा कर भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए यहां पहुंचे हैं. यह हमारी आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की जीवंत मिसाल है.
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के अंतर्गत भोरमदेव कॉरिडोर विकास के लिए 146 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है. इस परियोजना से मंदिर परिसर के कायाकल्प के साथ ही मड़वा महल, छेरकी महल, रामचुवा से लेकर सरोदा जलाशय तक नई सुविधाओं का निर्माण होगा.
सीएम ने कहा कि भोरमदेव क्षेत्र धार्मिक पर्यटन का एक सशक्त केन्द्र बने इसके लिए स्थानीय प्रशासन से लेकर राज्य सरकार तक पूरी तरह सक्रिय है.
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ से अमरकंटक जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मध्यप्रदेश के अनूपपुर में 5 एकड़ भूमि आबंटन की प्रक्रिया जारी है. जहां एक भव्य श्रद्धालु भवन का निर्माण प्रस्तावित है.
हर-हर महादेव से गूंज उठा भोरमदेव
कवर्धा से 18 किलोमीटर दूर ग्राम चौरा में स्थित 11वीं शताब्दी का भोरमदेव मंदिर ऐतिहासिक, धार्मिक और पुरातात्विक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है.
आज यहां छत्तीसगढ़ के कबीरधाम, मुंगेली, बेमेतरा, खैरागढ़, राजनांदगांव सहित मध्यप्रदेश के अमरकंटक से हजारों श्रद्धालु पदयात्रा कर जलाभिषेक करने आए थे.
श्रद्धालु मां नर्मदा से जल भरकर नंगे पांव और भगवा वस्त्रों में 150 किलोमीटर से अधिक की यात्रा कर बोल बम के जयघोष करते हुए पहुंचे हैं.
मुख्यमंत्री ने अमरकंटक से पदयात्रा कर भोरमदेव मंदिर में जलाभिषेक करने वाली पंडरिया विधायक भावना बोहरा को भगवा वस्त्र और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया.