पहले इटली की PM पर था दिल, अब तुर्की की सुंदरी से शादी की मांग
नई दिल्ली । डेस्क: अपने अजीबोगरीब दावों के लिए मशहूर युगांडा के सेना प्रमुख और राष्ट्रपति के बेटे जनरल मुहुजी काइनेरुगाबा एक बार फिर चर्चा में हैं. कभी इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बदले 100 गायों का प्रस्ताव देने वाले मुहुजी ने अब तुर्की के सामने एक नई और हैरान करने वाली मांग रख दी है.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट साझा करते हुए कहा है कि उन्हें 'मुआवजे' के तौर पर तुर्की से 1 अरब डॉलर और वहां की सबसे खूबसूरत महिला अपनी पत्नी के रूप में चाहिए.
मुहुजी का तर्क है कि सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में तुर्की को होने वाले तमाम व्यापारिक मुनाफे के पीछे युगांडा की सेना का हाथ है, जो वहां अल-शबाब जैसे आतंकी समूहों से लड़ रही है.
मुहुजी का दावा है कि सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में बंदरगाह से लेकर हवाई अड्डे तक तुर्की को जो आर्थिक लाभ हो रहा है, वह युगांडा की सेना की वजह से है.
उनका कहना है कि अगर तुर्की को अपनी कमाई जारी रखनी है, तो उसे यह 'कीमत' चुकानी होगी.
जनरल ने तुर्की को 30 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए धमकी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वह दोनों देशों के राजनयिक संबंधों को खत्म कर देंगे और दूतावास बंद कर दिए जाएंगे.
यह नया विवाद उनके उस पुराने बयान की याद दिलाता है जब उन्होंने सरेआम इटली की पीएम मेलोनी से शादी की इच्छा जताकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खलबली मचा दी थी.