छत्तीसगढ़: अवैध शराब से अर्जित संपत्ति जब्त
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ पुलिस ने राज्य में अवैध महुआ शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है. बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र में इस ऑपरेशन के दौरान अवैध रूप से शराब बनाने और बेचने वाले कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने आरोपियों की 50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त करने की कार्यवाही शुरू कर दी है.
पुलिस जांच में पाया गया कि अवैध शराब बेचकर उसके पैसों से एक दो मंजिला मकान, एक प्लाट, एक ट्रैक्टर, एक कार तथा दो मोटरसाइकिल खरीदी गई थी. इसके बाद अवैध आय से अर्जित संपत्ति को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई.
गिरफ्तार किये गये लोगों में संतोष वर्मा, उसकी पत्नी देवीबाई वर्मा तथा पुत्र राहुल वर्मा शामिल हैं. ये लोग गांव-गांव में महुआ से अवैध शराब बनाकर बेच रहे थे. इन पर पहले भी पुलिस की कार्यवाही हुई है.
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को स्थानीय निवासियों से शिकायत मिली थी कि कुछ लोग महुआ फूलों का इस्तेमाल करके गैरकानूनी ढंग से शराब तैयार कर रहे हैं और उसे बेच रहे हैं. इसकी जांच में पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी की और अवैध शराब, उपकरण तथा कच्चा माल जब्त किया.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई राज्य सरकार द्वारा अवैध शराब के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान का हिस्सा है. आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
यह कार्यवाही बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह के निर्देश पर कोनी थाना प्रभारी राहुल तिवारी की अगुवाई में एक टीम का गठन किया गया. टीम ने जांचकर साबित कर दिया है कि संपत्ति अवैध कमाई से खरीदी गई है.
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया है और कहा है कि अवैध शराब न केवल कानून व्यवस्था के लिए खतरा है, बल्कि इससे स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं भी पैदा होती हैं.