फ्रिज खोलते ही जोरदार धमाका, किसान की मौत
फ्रिज खोलते ही जोरदार विस्फोट होने से किसान की मौत हो गई
खैरागढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-गंडई-छुईखादन जिले में सोमवार को एक ऐसा हादसा हुआ, जिसके बारे में कोई सोच नहीं सकता. एक किसान ने अपने घर में रखे फ्रिज का दरवाजा खोला और उसमें जोरदार विस्फोट हो गया. इस हादसे में किसान की मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक घटना खुईखदान विकासखंड के भोरमपुर गांव की है. बताया गया कि भोरमपुर निवासी किसान श्रीराम वर्मा सोमवार को अपने घर के किचन में रखे फ्रिज से कुछ सामान निकालने के लिए दरवाजा खोला.
दरवाजा के खुलते ही जोरदार विस्फोट हुआ. विस्फोट इतना जोरदार था कि किसान के दोनों पैर काफी ज्यादा क्षतिग्रस्त हो गए. साथ ही शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोट आई. घटना की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया.
आनन-फानन में परिजन और पड़ोसी उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छुईखदान लेकर गए. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत देख डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर कर दिया. लेकिन राजनांदगांव पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसने दम तोड़ दिया. इस हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है.
फिलहाल, विस्फोट का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है.
बताया जा रहा है कि फ्रिज काफी पुराना है. रात भर बंद था और सुबह चालू किया गया था. संदेह है कि गैस लीकेज या कंप्रेशर फटने से विस्फोट हुआ होगा. पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है.