सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

दुर्ग: नशीली दवाओं की खेप के साथ एक गिरफ्तार

C

CG Khabar

26 जून 2026, 02:09 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

आरोपी गिरफ्तार
आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता सामने आई है. नेवई थाना पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली गोलियों की तस्करी करने वाले एक युवक को दबोचा है. पकड़े गए आरोपी के पास से पुलिस ने बाजार में करीब 52 हजार रुपये मूल्य की अल्प्राजोलम (Alprazolam) टैबलेट बरामद की हैं. 


पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया है, और अब इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.

विज्ञापन


ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चंद्रा के मुताबिक, पुलिस को 24 जून को यह गुप्त सूचना मिली थी कि स्टेशन मरौदा के शिवपारा स्थित शीतला तालाब के पास एक संदिग्ध युवक नशीली दवाएं बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहा है. 


जानकारी मिलते ही नेवई पुलिस की एक विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी. पुलिस को अपनी ओर आता देख आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही धर दबोचा.


पुलिस कस्टडी में की गई पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी की पहचान 22 वर्षीय सुजल सिंह के रूप में हुई, जो स्टेशन मरौदा का ही निवासी है. तलाशी लेने पर उसके पास से प्रतिबंधित 'Alprazolam Tablet I.P. 0.5 mg' (अल्प्राविन 0.5) की 13 पत्तियां बरामद हुईं. इन जब्त दवाओं का कुल वजन लगभग 16.12 ग्राम आंका गया है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹52,000 बताई जा रही है.


गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए नशीली गोलियों को अपने कब्जे में ले लिया है. 


आरोपी सुजल सिंह के खिलाफ नेवई थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है. इसके बाद आरोपी को स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से विद्वान न्यायाधीश ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने के आदेश दे दिए. 


पुलिस अब इस बात की कड़ाई से जांच कर रही है कि आरोपी यह प्रतिबंधित दवाएं कहां से लाया था और इन्हें किसे सप्लाई करने वाला था.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP