सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

दुर्ग: चलती ट्रेन पकड़ने के दौरान हादसा, बीमा अधिकारी की मौत

C

CG Khabar

24 जुल. 2026, 03:18 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

दुर्ग रेलवे स्टेशन
दुर्ग रेलवे स्टेशन

दुर्ग । संवाददाता: दुर्ग रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक दुर्घटना में ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक की जान चली गई. मृतक की पहचान साईं नगर, उरला निवासी संदीप कुमार सिन्हा के रूप में हुई है, जो रोजाना रेलवे के मंथली पास से रायपुर आवाजाही करते थे.


शुक्रवार सुबह करीब पौने छह बजे प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर दुर्ग-रायपुर लोकल ट्रेन खड़ी थी, जबकि उसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर पुणे-हटिया एक्सप्रेस आकर रुकी. 

विज्ञापन


पांच मिनट के ठहराव के बाद जैसे ही एक्सप्रेस ट्रेन रायपुर की ओर रवाना होने लगी, संदीप कुमार सिन्हा लोकल ट्रेन छोड़कर चलती हुई एक्सप्रेस को पकड़ने के लिए दौड़े. इसी आपाधापी में उनके हाथ में मौजूद लैपटॉप बैग फिसलकर कलाई तक आ गया, जिससे बोगी के हैंडल पर उनकी पकड़ ढीली हो गई. 


संतुलन बिगड़ने के कारण वह सीधे प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच खाली जगह से पटरियों पर जा गिरे.


पटरी पर गिरने से उनका दायां पैर ट्रेन की चपेट में आ गया. अत्यधिक खून बह जाने की वजह से उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. 


हादसे के तत्काल बाद रेलवे प्रशासन, जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची. उन्हें तुरंत पटरी से निकालकर एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवाया गया. पुलिस ने मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और मामले की जांच जारी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP