दुर्ग: कुम्हारी डिस्टिलरी से अवैध सप्लाई में शामिल 3 गाड़ियां जब्त
दुर्ग । संवाददाता: शराब घोटाला मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए सिंडिकेट के नेटवर्क पर चोट की है. ताजा कार्रवाई में दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित 'छत्तीसगढ़ डिस्टिलरीज प्राइवेट लिमिटेड' से तीन ऐसे वाहनों को जब्त किया गया है, जिनका इस्तेमाल अवैध शराब के परिवहन में किया जा रहा था.
जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि डिस्टिलरी संचालक अपने खास करीबियों और छोटे ट्रांसपोर्टरों के माध्यम से 'पार्ट-बी' (अवैध) शराब की खेप सीधे सरकारी शराब दुकानों तक पहुंचा रहे थे.
साक्ष्यों के अनुसार, इस पूरे खेल के लिए कुछ चुनिंदा गाड़ियों को ही काम पर लगाया गया था, ताकि बिना किसी कागजी कार्यवाही के माल को ठिकाने लगाया जा सके.
EOW को इस अवैध सप्लाई चेन से जुड़े ठोस डिजिटल और भौतिक सबूत मिले हैं, जो यह तस्दीक करते हैं कि शराब को डिस्टिलरी से निकालकर सीधे खास दुकानों तक भेजा जाता था.
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत चल रही इस जांच की तपिश अब उन लोगों तक पहुंच रही है जिन्होंने इस घोटाले को अंजाम देने में मदद की.
इससे पहले भी ब्यूरो ने बिलासपुर की 'वेलकम डिस्टलरी' और मुंगेली की 'भाटिया वाइंस' पर दबिश देकर 16 गाड़ियां जब्त की थीं.
एजेंसी अब उन वाहनों की भी तलाश कर रही है जिन्हें सबूत मिटाने की नीयत से कबाड़ में बदल दिया गया है या जिनका उपयोग अब दूसरे कामों में किया जा रहा है. अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े हर छोटे-बड़े किरदार की भूमिका की जांच की जा रही है और आने वाले दिनों में कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां या जब्ती संभव है.