धमतरी: ओडिशा से दिल्ली ले जाया जा रहा 20 किलो गांजा जब्त
धमतरी । संवाददाता: धमतरी जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के अंतर्गत सिहावा थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. रतावा फॉरेस्ट नाका के पास की गई घेराबंदी के दौरान पुलिस ने ओडिशा की ओर से आ रहे दो अंतरराज्यीय तस्करों को रंगे हाथों धर दबोचा. पकड़े गए आरोपियों के पास से 20 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 10.20 लाख रुपये आंकी गई है.
धमतरी एसपी भावना पांडेय के निर्देशों पर जिले भर में नशे के सौदागरों के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं. इसी कड़ी में सिहावा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि स्लेटी रंग की रॉयल एनफील्ड बाइक (क्रमांक DL-3SFD-9699) पर दो संदिग्ध व्यक्ति मादक पदार्थ की बड़ी खेप लेकर गुजरने वाले हैं. खबर मिलते ही मेन रोड पर सतर्कता बढ़ाते हुए नाकेबंदी की गई और संदिग्ध वाहन के पहुंचते ही उसे रोक लिया गया.
बाइक सवारों से की गई पूछताछ और तलाशी में अवैध गांजे की बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया. आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी एहतेशाम (27 वर्ष) और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर निवासी तुषार कश्यप (23 वर्ष) के रूप में हुई है. कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इस खेप को ओडिशा से लाकर दिल्ली पहुंचाने की फिराक में थे.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 1.50 लाख रुपये मूल्य की मोटरसाइकिल और 10 हजार रुपये की कीमत का मोबाइल फोन भी जब्त किया है. इस तरह मामले में कुल 11 लाख 80 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है.
सिहावा थाना पुलिस ने दोनों तस्करों के खिलाफ नारकोटिक एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. फिलहाल पुलिस इस अंतरराज्यीय नेटवर्क के मुख्य स्रोतों और दिल्ली में जुड़े संपर्कों का पता लगाने में जुटी है.