पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में डेरा प्रमुख राम रहीम बरी
चंडीगढ़ । डेस्क: पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने शनिवार, 7 मार्च 2026 को एक बड़ा फैसला सुनाते हुए डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को 2002 के पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड मामले में बरी कर दिया है. डेरा प्रमुख के वकील जितेंद्र खुराना ने इस फैसले की पुष्टि करते हुए बताया कि अदालत ने राम रहीम के साथ-साथ अन्य आरोपियों को भी इस मामले में राहत दी है.
यह फैसला निचली अदालत द्वारा उन्हें दोषी ठहराए जाने और आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने के 7 साल बाद आया है.
गौरतलब है कि साल 2019 में हरियाणा के सिरसा के पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में राम रहीम और तीन अन्य को दोषी करार दिया गया था.
पत्रकार छत्रपति की अक्टूबर 2002 में उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
यह हमला तब हुआ था जब उनके समाचार पत्र 'पूरा सच' में एक गुमनाम पत्र प्रकाशित हुआ था, जिसमें सिरसा स्थित डेरा मुख्यालय में महिला अनुयायियों के कथित यौन शोषण का खुलासा किया गया था.
हालांकि, हत्या के मामले में बरी होने के बावजूद राम रहीम जेल में ही रहेंगे, क्योंकि वे अपनी दो शिष्याओं के साथ दुष्कर्म के मामले में 2017 से 20 साल की सजा काट रहे हैं और वर्तमान में रोहतक की सुनारिया जेल में बंद हैं.