रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

दिल्ली: टेम्पो में 17 साल की किशोरी के साथ गैंगरेप के बाद हत्या

C

CG Khabar

18 सित. 2026, 04:16 AM 2 मिनट में पढ़ें 4

शव
शव

नई दिल्ली । डेस्क: देश की राजधानी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में एक 17 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद उसकी बेरहमी से चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. दरिंदों का मन इतने पर भी नहीं भरा, तो उन्होंने साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को एक सुनसान मैदान में फेंक दिया, जहाँ लावारिस कुत्तों ने उसे अपना निवाला बना लिया. 


जब पुलिस को शव बरामद हुआ, तो वह इस हद तक सड़-गल चुका था कि मृतका के लिंग की पहचान करना भी नामुमकिन हो गया था. इस दिल दहला देने वाली घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.

विज्ञापन


पुलिस जांच में सामने आया है कि पीड़िता और चारों आरोपी एक-दूसरे को अच्छी तरह से जानते थे. घटना की रात लड़की आरोपियों के साथ एक टेम्पो में सवार होकर यात्रा कर रही थी. रास्ते में आरोपियों ने शराब पी और फिर चलती गाड़ी के भीतर ही किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. 


इसके बाद अपनी पहचान उजागर होने के डर से उन्होंने चाकू मारकर उसकी नृशंस हत्या कर दी और शव को कुशक रोड के पास जयपाल राणा के खेत में फेंक दिया.


13 सितंबर को जब पुलिस ने सड़ चुका शव बरामद किया, तो शरीर का एक हाथ धड़ से अलग पड़ा था. पुलिस के अनुसार, पीड़िता के बार-बार बिना बताए घर से बाहर जाने की आदत के कारण परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी.


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और पोक्सो अधिनियम की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया. घटनास्थल के आसपास कोई चश्मदीद न होने के कारण पुलिस टीम ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. 


अंधेरे के कारण संदिग्ध टेम्पो का नंबर स्पष्ट नहीं था, लेकिन पुलिस ने कई किलोमीटर तक उसका पीछा किया. 15 और 16 सितंबर की दरमियानी रात चलाए गए व्यापक तलाशी अभियान के बाद पुलिस ने आखिरकार टेम्पो को ढूंढ निकाला और चालक को पकड़ लिया.


पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवम उर्फ सुदामा उर्फ चुचू को तीन अन्य नाबालिग साथियों (उम्र 16 और 17 वर्ष) के साथ धर दबोचा. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल दो चाकू, वारदात के वक्त पहने गए कपड़े और टेम्पो को जब्त कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP