दंतेवाड़ा: पत्नी के चरित्र पर शक में चाकू से की निर्मम हत्या
दंतेवाड़ा । संवाददाता: दंतेवाड़ा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. घटना ग्राम कतियारास (वार्ड क्रमांक 03) स्थित लक्ष्मण कुंजाम के मकान की है.
23 जुलाई की सुबह जब आसपास के लोगों को बंद मकान से असहनीय बदबू आने लगी, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी. सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो घर के मुख्य द्वार पर ताला जड़ा हुआ था.
पुलिस ने पीछे के रास्ते से दाखिल होकर देखा तो आंगन में महिला का सिर कटा हुआ सड़ा-गला शव पड़ा मिला, जिसमें कीड़े लग चुके थे.
घटना की विभीषिका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल फॉरेंसिक क्राइम सीन यूनिट और डॉग स्क्वाड को मौके पर बुलाया. जांच और पूछताछ के दौरान मृतिका की शिनाख्त 35 वर्षीय झुनकी कुंजाम के रूप में हुई, जो मूलतः बस्तर जिले के बोधघाट थाना क्षेत्र स्थित बुरूंगपाल की रहने वाली थी.
पड़ोसियों से मिली जानकारी के अनुसार, दंपति के बीच अक्सर विवाद होता रहता था और आरोपी पति हमेशा अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह किया करता था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिन्हा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस ने आरोपी की घेराबंदी शुरू की और महज 24 घंटे के भीतर उसे गोंदपाल इलाके से धर दबोचा. पुलिस हिरासत में आरोपी लक्ष्मण कुंजाम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
पूछताछ में आरोपी ने खौफनाक वारदात की पूरी कहानी बताई. उसने खुलासा किया कि 17 जुलाई की शाम उसकी दूसरी पत्नी झुनकी शराब लेकर घर आई थी. दोनों ने साथ बैठकर शराब पी, जिसके बाद चरित्र पर शक को लेकर उनके बीच तीखी बहस शुरू हो गई.
नशे और गुस्से की हालत में आरोपी पत्नी को घर के पीछे आंगन में घसीट ले गया और रसोई के चाकू से उसका गला रेतकर धड़ से अलग कर दिया. इसके बाद वह मकान में ताला लगाकर फरार हो गया था. दंतेवाड़ा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए अदालत में पेश कर दिया है.