दंतेवाड़ा में तेंदुए का शिकार करने वाले 5 शिकारी गिरफ्तार
दंतेवाड़ा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में वन विभाग ने तेंदुए के शिकार और उसकी खाल की तस्करी के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए शिकारियों पर आरोप है कि उन्होंने न केवल तेंदुए की बेरहमी से हत्या की, बल्कि उसका मांस पकाकर खा भी लिया.
वन विभाग के अनुसार, आरोपियों ने तेंदुए को फंसाने के लिए नदी किनारे जाल बिछाया था. जब 6-7 साल का तेंदुआ जाल में फंस गया, तो शिकारियों ने उसके जीवित रहते ही कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर उसे मार डाला. इसके बाद आरोपियों ने तेंदुए की खाल उतार ली और उसे बेचने की फिराक में थे.
मुखबिर की सूचना पर वन विभाग के अधिकारियों ने खरीदार बनकर जाल बिछाया और सौदेबाजी के दौरान सुंदरलाल, धरमू सिमरथ, दियालू, दिनेश कश्यप और गोबरू को धर दबोचा. अधिकारियों ने बताया कि गर्मी के कारण पानी की तलाश में नदी किनारे आने वाले जानवरों को निशाना बनाने के लिए यह जाल बिछाया गया था.
रेंज ऑफिसर प्रीतेश पांडे ने बताया कि वन्यजीवों का शिकार एक गंभीर अपराध है और आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल, वन विभाग इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रहा है.