3.37 Cr की साइबर ठगी: 10 हजार के लालच में बैंक खाते बेचने वाले दो युवक गिरफ्तार
महज 10-10 हजार रुपये के लालच में दो युवकों ने अपने बैंक खाते साइबर ठगों को किराए पर सौंप दिए, जिनका इस्तेमाल देश के 11 राज्यों में 3.37 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने के लिए किया गया. भानुप्रतापपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
कांकेर । संवाददाता: महज 10-10 हजार रुपये और थोड़े से कमीशन के लालच ने दो युवकों को देशव्यापी साइबर ठगी के जाल में फंसाकर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है. भानुप्रतापपुर पुलिस ने 11 राज्यों में हुई 3.37 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी के मामले में दुर्गूकोंदल थाना क्षेत्र के नयापारा उतामार निवासी अखिलेश्वर जैन (25) और जेपरा निवासी सतीश उसेंडी (26) को गिरफ्तार किया है.
अदालत में पेश करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
सख्ती से हुई पूछताछ में इस पूरे फर्जीवाड़े की परतें खुल गईं. पहले सेल्समैन का काम करने वाले इन दोनों युवकों की पहचान फरसगांव (कोंडागांव) निवासी परमेश्वर मरकाम से हुई थी. जून 2025 में परमेश्वर ने दोनों को बहकावे में लेकर बैंक ऑफ वडोदरा में उनके नाम से खाते खुलवाए और बदले में 10-10 हजार रुपये दिए.
खाते खुलने के बाद पासबुक और खातों से जुड़े मोबाइल नंबरों के सिम कार्ड परमेश्वर ने अपने पास ही रख लिए, जिससे युवकों को खातों में आने वाली करोड़ों की रकम के संदेशों की भनक तक नहीं लगती थी. मुख्य सरगना परमेश्वर वर्तमान में इसी तरह के एक अन्य मामले में कोंडागांव जेल में बंद है.
इस बड़े रैकेट का खुलासा तब हुआ जब गृह मंत्रालय भारत सरकार के समन्वय पोर्टल और पुलिस मुख्यालय से मिली सूचना के आधार पर साइबर सेल कांकेर ने बैंक ऑफ वडोदरा के संदिग्ध खातों का विवरण भानुप्रतापपुर पुलिस को सौंपा. गहन जांच में पता चला कि ये खाते 'म्यूल अकाउंट' के रूप में चल रहे थे, जिनमें ठगी की रकम आते ही तुरंत दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी जाती थी.
पुलिस ने इन खातों में बचे 67,850 रुपये होल्ड करवा दिए हैं. इन दोनों खातों के खिलाफ गया (बिहार), तांबरम (तमिलनाडु), हुगली (पश्चिम बंगाल), दिल्ली, बनासकांठा (गुजरात), मंडी (हिमाचल प्रदेश), तेलंगाना सहित महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे, मीरा-भायंदर, वसई-विरार और यवतमाल से कुल 11 शिकायतें दर्ज हैं.
भानुप्रतापपुर थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज ने बताया कि कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए साइबर अपराधी अब दूसरों के खाते खरीद रहे हैं. निजी बैंक कर्मियों द्वारा नए खाते खोलने के लक्ष्य की होड़ में बिना जांच-पड़ताल खाते खोलने और बड़े लेनदेन पर नजर न रखने की लापरवाही का फायदा ठग उठाते हैं.
इससे पहले इसी वर्ष अगस्त में नरहरपुर के ठेमा डाकघर के पोस्टमास्टर द्वारा भगवती मेडिकल स्टोर्स के संचालक को लालच देकर खाता खुलवाने का मामला भी सामने आ चुका है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि खाते का दुरुपयोग होने पर खाताधारक भी बराबर का आरोपी माना जाता है, साथ ही लोगों से ठगी होने पर तत्काल 1930 नंबर पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है.