जांजगीर: घर में अकेली महिला को पीटकर बदमाशों ने 10 लाख के जेवर और नकदी लूटे
जांजगीर जिला मुख्यालय के अमरैया पारा में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे दो अज्ञात बदमाशों ने घर में अकेली महिला से मारपीट कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और 8 हजार रुपए नकद लूट लिए. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों से पूछताछ के जरिए आरोपियों की तलाश कर रही है.
जांजगीर । संवाददाता: जांजगीर-चांपा जिला मुख्यालय जांजगीर में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे दिनदहाड़े लूट की एक बड़ी घटना सामने आई है. सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले अमरैया पारा वार्ड नंबर 23 में गमछे से अपना चेहरा ढके दो अज्ञात बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाया और वहां से करीब 10 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात तथा 8 हजार रुपए नकद लूटकर फरार हो गए.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी. इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूकेलैंड यॉर्क ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
साथ ही, पीड़िता द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर अज्ञात बदमाशों की तलाश तेज कर दी गई है और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस आरोपियों को जल्द से जल्द हिरासत में लेने का प्रयास कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक, वारदात के वक्त महिला घर पर बिल्कुल अकेली थी. उसके पति स्कूल गए हुए थे, जबकि सास-ससुर किसी काम के सिलसिले में बिलासपुर गए हुए थे. इसी दौरान महिला को छत के ऊपर किसी के चलने की आहट सुनाई दी. आहट सुनकर जब वह बाहर निकली, तो वहां गमछे से चेहरे ढके दो अज्ञात युवक दिखाई दिए.
आरोप है कि घर में अकेली महिला को देखकर दोनों बदमाश अंदर घुस गए और उसे पकड़कर कमरे के भीतर ले गए. वहां बदमाश महिला से अलमारी की चाबी मांगने लगे. जब महिला ने चाबी पास नहीं होने की बात कही, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी.
इसके बाद बदमाशों ने खुद ही घर में तलाशी ली और उन्हें अलमारी की चाबी मिल गई. आरोपियों ने अलमारी खोलकर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और 8 हजार रुपए नकद निकाले और मौके से भाग निकले.