रायगढ़: काल बनकर दौड़ा तेज रफ्तार ट्रेलर, बुलेट सवार भाई-बहन की मौके पर ही मौत
रायगढ़ के हुंकराडीपा रोड पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बुलेट सवार भाई-बहन को अपनी चपेट में ले लिया. हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर के पहियों के नीचे आने से दोनों की मौके पर ही जान चली गई.
रायगढ़ । संवाददाता: रायगढ़ के हुंकराडीपा रोड पर हुए एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार भाई-बहन की जान चली गई. घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने तुरंत पुलिस को इस दुर्घटना की सूचना दी. खबर मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल भिजवाया.
मिली जानकारी के मुताबिक, मिलूपारा के निवासी 21 वर्षीय घनश्याम डनसेना अपनी 23 वर्षीय बहन कुंती डनसेना के साथ किसी आवश्यक कार्य से रायगढ़ की ओर जा रहे थे.
सफर के दौरान जब वे हुंकराडीपा रोड से गुजर रहे थे, तभी रास्ते में एक ट्रेलर चालक ने बेहद लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए उनकी बुलेट को जोरदार टक्कर मार दी.
यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई-बहन को संभलने का जरा भी अवसर नहीं मिला और वे सड़क पर जा गिरे. नीचे गिरते ही दोनों बेकाबू ट्रेलर के पहियों की चपेट में आ गए, जिससे उनके सिर बुरी तरह कुचल गए और घटनास्थल पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई.
फिलहाल तमनार थाना प्रभारी ने जानकारी दी है कि पुलिस द्वारा इस पूरे मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई और जांच की जा रही है.